‘अधिक महिलाओं वाले स्कूलों में ज्यादा झगड़े होते हैं’: राजस्थान के शिक्षा मंत्री डोटासरा
राजस्थान के शिक्षा राज्यमंत्री और राजस्थान कॉन्ग्रेस के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा महिला शिक्षकों पर दिए अपने अजीबोगरीब बयान के कारण आलोचना के केंद्र में आ गए हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा था जिन स्कूलों में महिला टीचर अधिक होती हैं, वहाँ झगड़े भी ज्यादा होते हैं। ऐसे हालातों में सुधार होना चाहिए।
जयपुर में सोमवार को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के एक कार्यक्रम में डोटासरा ने कहा, “मेरे विभाग के प्रमुख के रूप में मुझे यह बताना होगा कि अधिक महिला कर्मचारियों वाले स्कूलों में विभिन्न कारणों से अधिक झगड़े होते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “यदि आप इन छोटी-छोटी बातों को सुधार लेते हैं तो आप हमेशा अपने आपको पुरुषों से आगे पाएंगे।” डोटासरा ने इस दौरान विधानसभा के चुनाव में भी महिलाओं को आरक्षण की वकालत की थी।
शिक्षा राज्यमंत्री के बयान की राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा ने निंदा की और डोटासरा को मूर्ख मंत्री कहा। सुमन शर्मा ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि शिक्षा मंत्री की बुद्धि पर उन्हें तरस आती है। मंत्री पद पर रहकर व्यक्ति इस प्रकार के बयान कैसे दे सकता है। इस बयान के लिए उनकी निंदा होनी चाहिए।
सुमन शर्मा ने कहा की कॉन्ग्रेस की संस्कृति दूषित हो चुकी है। महिलाओं को अपमानित करना कॉन्ग्रेस का कल्चर बन चुका है। शर्मा ने कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा के इस बयान की निंदा होनी चाहिए और इस बयान के लिए उन्हें माफी माँगनी चाहिए।