यूपी: उन्नाव गैंगरेप पीड़िता ने भाई से कहा- जीना चाहती हूं, दोषियों को मत छोड़ना
उन्नाव गैंगरेप पीड़िता का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज जल रहा है. 90 फीसदी जलने के बाद भी पीड़िता ने जीने की उम्मीद नहीं छोड़ी है और अपने भाई से कहा है कि वह मरना नहीं चाहती है. गैंगरेप पीड़िता को 5 आरोपियों ने जिंदा जलाने की कोशिश की थी, जिसके बाद उसे लखनऊ में भर्ती कराया गया लेकिन बाद में दिल्ली ले आया गया.
शुक्रवार को इलाज के दौरान पीड़िता ने अपने भाई से कहा, ‘मैं मरना नहीं चाहती हूं… दोषियों को बिल्कुल भी छोड़ना नहीं है.’
अगले 48 घंटे काफी अहम!
गौरतलब है कि शुक्रवार को ही सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों का बयान सामने आया था कि पीड़िता जब अस्पताल पहुंची तो 90-95 फीसदी जली हुई थी. लेकिन अभी तक उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ है, वह लगातार वेंटिलेटर पर बनी हुई है. डॉक्टरों का कहना है कि पीड़िता के लिए अलगे 48 घंटे काफी अहम हैं.
खुद पुलिस को फोन कर बताया
बता दें कि उन्नाव की गैंगरेप पीड़िता को आरोपियों ने जिंदा जलाने की कोशिश की थी, जिंदा जलने के बाद भी करीब एक किमी. तक भागती हुई गई थी. बाद में खुद ही पुलिस को फोन किया और अपनी हालत के बारे में बताया. जिसके बाद युवती को लखनऊ रेफर किया गया और फिर बाद में तुरंत एयर एंबुलेंस दिल्ली पहुंचाया गया.
घटना के सामने आने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा था और युवती के लिए इंसाफ मांगा था. गुरुवार दोपहर को ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में रिपोर्ट तलब की थी और 24 घंटे में एक्शन लेने की बात कही थी.