उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM yogi Adityanath) ने गुरुवार (3 फरवरी 2022) को लखनऊ में अपनी सरकार के 5 सालों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और कौशल किशोर भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अगर बीजेपी का विकास देखना हो तो अयोध्या देखिए, काशी कॉरिडोर देखिए और सपा का विकास देखना हो तो कब्रिस्तान की बाउंड्री देखिए।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जीवन और जीविका को बचाने के लिए भाजपा ने जो किया, उसे दुनिया ने सराहा। अब तक 26 करोड़ 48 लाख कोविड वैक्सीन के डोज लगाए गए हैं। तीसरी लहर नियंत्रित किया जा चुका है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने राजस्थान के कोटा गए छात्रों को लॉकडाउन के दौरान सुरक्षित घर लाया गया। यूपी के 40 लाख प्रवासी श्रमिकों को सफलतापूर्वक उनके घर तक पहुंचाने और खाने-पीने की व्यवस्था की गई।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बसपा शासन में प्रदेश में 364 दंगे हुए। सपा सरकार में 2012 से 2017 के बीच 700 से ज्यादा दंगे हुए। लेकिन, इन 5 साल में कोई दंगा या आतंकी घटना नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि बीते 5 सालों में यूपी ने कुछ मील के पत्थर स्थापित किए हैं। यूपी की अर्थव्यवस्था सातवें स्थान पर से दूसरे स्थान पर आ गई। 70 सालों में जो काम नहीं हुआ, उसे हमने 5 साल में कर दिखाया। प्रदेश की प्रतिव्यक्ति आय 45,000 से बढ़कर अब 94 हजार हो गई है। 2015-18 में वार्षिक बजट 2 लाख करोड़ था, जो बढ़कर 6 लाख करोड़ हो गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1.50 लाख पुलिस भर्ती पारदर्शी तरीके से हुई। 86 हजार पुलिसकर्मियों को प्रमोशन दिया। महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 5 साल में 3 गुना बढ़ी है। यूपी के 75 जिलों में 2 साइबर थाने थे। FSL की लैब नहीं थी। अब 6 FSL लैब हैं और 18 बन रही हैं। पहले फॉरेंसिक जांच के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर रहना होता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी पहला राज्य है, जहां पिछले 5 साल में कोई दंगा नहीं हुआ। कोई आतंकी घटना नहीं हुई। यूपी में एंटी रोमियो डेस्क सफलतापूर्वक काम कर रही हैं। NCRB के आंकडों के अनुसार, यूपी में डकैती 58 फीसदी, हत्या 23 फीसदी, फिरौती 53 फीसदी और बलात्कार 45 फीसदी कम हुए हैं।

अपराधियों की कार्रवाई को लेकर उन्होंने बताया कि प्रदेश में 694 पेशेवर अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई हुई। बेटी-बहनों की सुरक्षा के लिए खतरा बने गुंडे-बदमाश-माफियाओं की 2046 करोड़ की प्रॉपर्टी ध्वस्त की गई। एंटी भू माफिया टॉस्क फोर्स के माध्यम से 66 हजार हेक्टेयर जमीन को माफियाओं से मुक्त कराया है। बेटियों की सुरक्षा के लिए पास्को एक्ट के तहत 218 फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई गई हैं।

विकास के दिशा में योगी सरकार को दर्शाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 4 लाख 68 हजार करोड़ रुपए के निवेश के MoU हमने साइन हुए। 2.17 लाख करोड़ का कर्ज MSME सेक्टर को मिला है। यूपी में उत्तर भारत का पहला डाटा सेंटर भी बनाया गया।

किसानों की उन्नति के लिए गए कार्यों को लेकर सीएम योगी ने कहा कि बसपा ने अपने शासन में 240 लाख मीट्रिक टन, सपा ने 217 लाख मीट्रिक टन अनाज खरीए, जबकि बीते 5 सालों में प्रदेश में 794 लाख मीट्रिक टन अनाज क्रय हो चुका है। पहले की सरकारों में 29 चीनी मिलें बंद हुई थीं, जबकि 5 साल में चीनी मिल बंद नहीं हुई। वहीं, यूपी सरकार ने 1.57 लाख करोड़ गन्ना किसानों को भुगतान किया। इस सरकार में 348 करोड़ लीटर एथेनॉल का उत्पादन हुआ।

जन कल्याण की योजनाओं के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में 11.57 लाख बेटियों को अब तक लाभ दिया गया। यूपी के 15,940 गांवों में 23 लाख लोगों को उनकी जमीन का स्वामित्व दिया गया। 2 करोड़ से ज्यादा रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं। 3 करोड़ श्रमिक भरण पोषण भत्ते का लाभ ले रहे हैं। 1 करोड़ युवाओं को मोबाइल-टैबलेट देने की योजना शुरू की है। 1.50 लाख श्रमिकों के बच्चे के लिए शिक्षा की व्यवस्था की है। गरीबों के कल्याण के लिए हर सिर पर छत जरूरी है। यूपी में बीते 5 साल में 45 लाख गरीबों को मकान देने में सफल हुआ है। 2.61 गरीबों के घर में शौचालय बनाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहले सिर्फ 12 मेडिकल कॉलेज थे। 5 सालों में 33 नए मेडिकल कॉलेज बन रही है। इसमें 17 शुरू हो चुके हैं। दो एम्स के निर्माण का काम भी पूरा हो चुका है। 9 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा योजना का कवर उपलब्ध कराया जा रहा है। यूपी इंसेफलाइटिस जैसी घातक बीमारी को रोकने में सफल हुआ है।

प्रदेश में आधारभूत संरचना को लेकर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी में इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हो रहा है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे 12 से 17 के बीच बना। बीते 5 साल में पूर्वांचल एक्सप्रेव राष्ट्र को समर्पित हो चुका है। मेरठ-दिल्ली शुरू हो चुका हे। गंगा एक्सप्रेस व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे का काम शुरू हो चुका है। लखनऊ-कानपुर को हम तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। वाराणसी से कोलकाता और गोरखपुर से सिलीगुड़ी के बीच भी एक्सप्रेस वे का काम तेजी से बढ़ रहा हे। 2007 से 2017 के बीच 496 ब्रिज बने थे। 5 साल में हमने 900 से ज्यादा ब्रिज बना चुके हैं। यूपी 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य होगा। 2017 से पहले यूपी में मेट्रो सिर्फ गाजियाबाद में थी। अब 5 शहर मेट्रो से जुड़े हैं। देश की पहली रैपिड ट्रेन दिल्ली-मेरठ के बीच 30 हजार करोड़ रुपए की लागत से चलाने का काम चल रहा है। यूपी का स्मार्ट सिटी मिशन का काम देश में पहले नंबर पर है।

प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या बिजली को लेकर उन्होंने कहा कि साल 2017 से पहले बिजली भी चेहरा देखकर दी जाती थी। अब यूपी की 25 करोड़ आबादी को बिना भेदभाव के आपूर्ति हो रही है। पहले 4730 मेगावाट बिजली बनती थी, अब 8200 मेगावाट से ज्यादा बिजली बनती है। भाजपा सरकार का विकास देखना है तो काशी और अयोध्या जाकर देखें। पहले कुंभ में भगदड़ और गंदगी होती थी।