टीचर भर्ती घोटाले (SSC Scam) में पश्चिम बंगाल (West Bengal) की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (CM Mamata Banerjee) के मंत्री पार्थ चटर्जी (Partha Chatterjee) की गिरफ्तारी के बाद उनके एक और करीबी नेता की गिरफ्तारी हुई है।

अनुब्रत मंडल के साथ बंगाल की सीएम ममता बनर्जी (साभार: पत्रिका)

पशु तस्करी (Cattle Smuggling) मामले में उनकी पार्टी TMC के बाहुबली नेता अनुब्रत मंडल (Anubrota Mondal) को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। 

केंद्रीय जाँच एजेंसी (CBI) ने बोलपुर में छापा मारकर मंडल को गिरफ्तार किया। मंडल ममता बनर्जी की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के वीरभूम जिला अध्यक्ष हैं। 

अनुब्रत मंडल साल 1998 में तृणमूल कॉन्ग्रेस की स्थापना के समय से पार्टी में हैं। मंडल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बेहद करीबी बताए जाते हैं। इसके बल पर वे इलाके में अपनी धाक जमाए रखते हैं। उनकी पहचान एक बाहुबली के रूप में है।

 

CBI ने यह कार्रवाई सीमा पार बांग्लादेश में पशु तस्करी केस में की है। इस मामले में मंडल के बॉडीगार्ड सैगल हुसैन पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। पिछले दिनों सीबीआई ने मंडल को पूछताछ के लिए समन दिया था, लेकिन वे अस्वस्थ होने का कारण बताकर वहाँ नहीं पहुँचे थे। 

सीबीआई अनुब्रत मंडल को 10 समन भेज चुकी थी, लेकिन उन्होंने किसी का जवाब नहीं दिया था। मंडल सिर्फ दो बार पूछताछ में शामिल हुए थे। जब समन का उन्होंने जवाब नहीं दिया, तब CBI ने बीरभूम जिले में उनके करीबियों के 13 ठिकानों पर छापेमारी की थी। वहाँ से भारी संख्या में नकदी, मोबाइल फोन और कई अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए थे। 

भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिए पशुओं की तस्करी का मामला सामने आया था। साल 2015-17 के बीच BSF को 20,000 से ज्यादा पशुओं के कटे सिर मिले थे। 

इसके बाद इस मामले में सीबीआई ने साल 2020 में केस दर्ज किया था। इस में BSF के कमांडेंट सतीश कुमार समेत कई लोगों का नाम दर्ज किया गया था। जाँच के दौरान अनुब्रत मंडल का भी नाम सामने आया।

>