शख्स ने गांव के तालाब में मिलाया जहर, हजारों मछलियों की मौत
पलामू, झारखंड के पलामू के रेहला डंडिला गांव के तालाब के पानी में एक शख्स द्वारा जहर मिलाने के कारण पानी का रंग लाल हो गया है और हजारों की संख्या में मछलियों की जान चली गई। लोगों का आरोप है कि तालाब में एक शख्स ने जानबूझकर जहरीला पदार्थ डाला है। दरअसल, इस तालाब से ग्रामीणों के घर के कुएं, चापाकल (हैंडपम्प) के पानी के स्रोत भी जुड़े रहते हैं। वहीं, रेहला स्थित ग्रासिम इंडस्ट्रीज के कर्मचारी केमिकल की मदद से पानी को फिर से स्वच्छ बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
तालाब गांव के बीचोबीच स्थित है और जहरीला हो चुके इस तालाब में कोई पशु-पक्षी पानी नहीं पी पाए इसके लिए कुछ ग्रामीण तलाब के किनारे खड़े होकर पहरा दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह तालाब गांव के लिए जल स्रोत की तरह काम करता है।
हाल ही में एक शख्स ने इस तालाब के पानी का प्रयोग नहाने के लिए किया था जिसके बाद उसके शरीर में जलन होने लगी। तबियत खराब होते देख युवक को प्राथमिक उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया और इलाज के बाद उसकी शरीर की त्वचा में सुधार आया। डॉक्टरों का कहना है कि पानी जहरीला तो नहीं प्रतीत हो रहा है लेकिन उसमें किसी हानिकारक पदार्थ के होने की पूरी आशंका है।
इस मामले पर एसडीपीओ सुरजीत कुमार ने बताया कि मामले को संज्ञान में ले लिया गया है। इस मामले में पास के ग्रासिम इंडस्ट्रीज के कुछ एक्सपर्ट को बुलाया गया था। उन्होंने जब तालाब के पानी को टेस्ट किया तो बताया कि जो केमिकल इस पानी में मिलाया गया है वह जानलेवा तो नहीं पर त्वचा के लिए घातक है। एसडीपीओ का कहना है कि शनिवार को इस मामले पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.