शाहरूख खान सहित बॉलिवुड के कई ऐक्टर्स की आईएसआई से लिंक, महाराष्ट्र सरकार करेगी जांच
मुंबई, महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) ने बॉलीवुड के कुछ एक्टर्स के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से लिंक मामले में जांच कराने का आश्वासन दिया है। बॉलिवुड के कुछ टॉप सितारों के ‘कश्मीर में अलगाववादी गतिविधियों, हिंसा को बढ़ावा देने वाले तत्वों’ के साथ संबंध होने के बीजेपी नेता बैजयंत जय पांडा के सनसनीखेज दावे के बाद महाराष्ट्र के गृह मंत्री ने यह बात कही है।
शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान की तस्वीरें वायरल
बॉलिवुड के किंग खान शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान की कैलिफॉर्निया बेस्ड कश्मीरी अलगाववादी टोनी अशाई के साथ तस्वीरें वायरल हो रही हैं। अशाई की पहचान कश्मीरी युवाओं को भारत के खिलाफ भड़काने वाले की रही है। श्रीनगर बेस्ड एक ऐक्टिविस्ट अल इस्कंदर (ट्विटर हैंडल- @TheSkandar) ने बुधवार को ट्विटर पर एक के बाद एक कई सिलसिलेवार ट्वीट कर दावा किया था कि टोनी अशाई उर्फ अजीज अशाई आईएसआई प्रायोजित आतंकी संगठन जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) का सदस्य रहा है। ऐक्टिविस्ट ने कश्मीरी युवाओं को भड़काने वाले अशाई के कुछ ट्वीट्स को भी शेयर किया है।
‘शाहरुख खान को टोनी अशाई जैसे ‘सांपों’ से सतर्क रहने की अपील’
अल इस्कंदर के मुताबिक टोनी अशाई ने शाहरूख खान के ‘दुबई की बिल्डिंग और लॉस ऐंजिलिस के अपार्टमेंट’ की डिजाइन तैयार की थी। ऐक्टिविस्ट ने अपने ट्वीट के माध्यम से शाहरुख खान को टोनी अशाई जैसे ‘सांपों’ से सतर्क रहने की अपील भी की है। कश्मीरी ऐक्टिविस्ट का दावा है कि टोनी अशाई की यूनिवर्सिटी ऑफ बफैलो (अमेरिका) में पढ़ाई का पूरा खर्च जेकेएलएफ ने उठाया था। उसने इटली में जेकेएलएफ की एक मीटिंग भी की थी। इस्कंदर का आरोप है कि जेकेएलएफ ने अशाई को बिजनस चलाने के लिए भी पैसा दिया है। उन्होंने यहां तक आरोप लगाया कि अशाई का बेटा बिलाल अशाई एमएसए नाम के संगठन का सदस्य है जिसका कुख्यात आतंकी संगठन मुस्लिम ब्रदरहुड से संबंध है। इस्कंदर का आरोप है कि अशाई पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के पेरोल पर है।
दूसरे बॉलिवुड स्टार्स की तस्वीरें भी शेयर
ऐक्टिविस्ट के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर अनिल कपूर, करण जौहर, सोनम कपूर जैसे दूसरे बॉलिवुड स्टार्स के ब्रिटेन में रह रहे भारत-विरोधी ऐक्टिविस्ट अनील मसरर्त के साथ तस्वीरें भी शेयर होने लगीं। अनील मसर्रत ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान की तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के लिए ब्रिटेन में फंड जुटाया था। उसे पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा और पाक आर्मी के पूर्व प्रवक्ता आसिफ गफूर का करीबी माना जाता है।