सऊदी अरब के शाही परिवार द्वारा अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चार साल पहले दिये गए दे तोहफे नकली हैं। अमेरिका के आंतरिक जाँच विभाग ने जाँच के बाद इसका खुलासा किया है। ट्रंप को दिये गए तोहफों में बाघ और चीता के फर के बने कपड़े, तीन तलवारें और तीन खंजर सहित कई कथित महंगे तोहफे शामिल हैं। इनमें हाथी के दांत के बने हत्थे वाला एक खंजर भी है, जिसको जाँच की जा रही है।
ट्रंप को मिले नकली तोहफे (सौजन्य: भास्कर)

 

ट्रम्प को 2017 के सऊदी अरब दौरे के समय यह तोहफे दिये गए थे। हालाँकि, ट्रंप प्रशासन ने इन तोहफों के बारे में किसी को जानकारी नहीं दी थी। ट्रंप के कार्यकाल के अंतिम दिन व्हाइट हाउस ने सामान्य सेवा प्रशासन को ये तोहफे सौंपे। इसके बाद इसकी जाँच की गई, जिनमें इनके नकली होने का खुलासा हुआ। 

आंतरिक विभाग के प्रवक्ता टायलर चेरी के अनुसार, “वाइल्ड लाइफ इंस्पेक्टर और विशेष एजेंटों ने जांच में पाया कि फरों की परत बाघ और चीता के पैटर्न की नकल करने के लिए रंगी हुई थी।” इस खुलासे के बाद सऊदी अरब का शाही परिवार शर्मिंदगी के विषय बन गए हैं।  

दरअसल, ट्रम्प प्रशासन ने इस बात का खुलासा नहीं किया था कि व्हाइट हाउस के शीर्ष सलाहकार जेरेड कुशनर को सऊदी से दो तलवारें और एक खंजर तोहफे में मिले थे। हालांकि, ऑफिस छोड़ने के बाद ट्रम्प ने इनके लिए करीब 36 लाख रुपए का भुगतान किया था।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के पूर्व वकील स्टेनली एम ब्रांड ने कहा, “अमेरिकी और विदेशी नेताओं के बीच तोहफों का लेन-देन उच्च विनियमित प्रक्रिया है, पर ट्रम्प के शासनकाल में यह कई बार खतरे में पड़ी। यह गंभीर लापरवाही है।”

जनवरी में जब बाइडेन प्रशासन के अधिकारियों ने काम संभाला तो उन्होंने पूर्व अधिकारियों के व्हाइट हाउस छोड़ने के समय ध्यान नहीं दिया। बाद में जांच करने पर विदेश विभाग के वॉल्ट में रखे कुछ बैग गायब मिले। ये बैग जी 7 समिट में शामिल विदेशी नेताओं के लिए तैयार किए गए थे। इसके साथ ही ट्रम्प के अधिकारियों को मिले तोहफे भी नदारद थे।

 

पहले के राष्ट्रपतियों के कार्यकाल में ऐसा कभी देखने को नहीं मिला। इससे पहले पूर्व विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ को 4.32 लाख रुपए की व्हिस्की की बॉटल, सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन को तोहफे में मिले सोने के सिक्के व पोर्सेलिन बाउल का क्या हुआ, यह अभी रहस्य ही है।

 

 

Saudi-royal-family-gave-fake-gifts-to-visiting-US-President-Trump revealed