संयुक्त राष्ट्र की चेतावनी, केरल-कर्नाटक में बड़ी संख्या में मौजूद है आईएस के आतंकी
संयुक्त राष्ट्र, संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि भारत के केरल और कर्नाटक प्रांत में इस्लामिक स्टेट (आइएस) के सहयोगी संगठन हिंद विलयाह के 150 से 200 आतंकी मौजूद हैं। ये हमलावर भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और म्यांमार के रहने वाले हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अलकायदा भारतीय उपमहाद्वीप में हमला करने की योजना बना रहा है।
आइएसआइएस, अलकायदा और उससे संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं से जुड़ी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की विश्लेषणात्मक सहायता और प्रतिबंधों की निगरानी टीम की 26वीं रिपोर्ट गुरुवार को जारी की गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि अलकायदा इन द इंडियन सबकांटिनेंट (एक्यूआइएस) यानी भारतीय उपमहाद्वीप में अलकायदा नाम का यह आतंकी संगठन नीमरूज, हेलमंद और कंधार से तालिबान की छत्रछाया में संचालित होता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 10 मई 2019 को घोषित किए गए आइएसआइएस से संबंधित भारतीय हिंद विलयाह के पास अपने 180 से 200 सदस्य हैं। रिपोर्ट में कहा गया, एक्यूआइएस के वर्तमान नेता ओसामा महमूद है, जिसने मृत असीम उमर की जगह ली है। संगठन अपने पूर्व नेता की मौत का बदला लेने के लिए इस क्षेत्र में जवाबी कार्रवाई की योजना बना रहा है।
हालांकि उस समय जम्मू-कश्मीर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आइएस के इस दावे को खारिज कर दिया था। पूर्व में कश्मीर में आइएस द्वारा किए गए हमलों को इसकी तथाकथित खोरासन शाखा से जोड़कर देखा जाता था। खोरासन शाखा की स्थापना वर्ष 2015 में की गई थी।