संकटकाल में भी दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति की संपत्ति एक दिन में $13 अरब बढ़ी
नई दिल्ली, कोरोना वायरस के कारण दुनिया भर में कारोबार को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन इसी बीच कुछ ऐसे बिजनेसमैन भी हैं, जिनकी संपत्ति में इस दौरान भारी बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। दुनिया के सबसे अमीर शख्स जेफ बेजोस ऐसे ही लोगों में शुमार हैं, जिनकी संपत्ति कोरोना से जुड़े इस संकट काल में काफी बढ़ गई है। कोरोना वायरस की वजह से ऑनलाइन शॉपिंग का चलन बढ़ने से बेजोस की दौलत में जबरदस्त वृद्धि हुई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक, एक दिन में अमेजन के प्रमुख बेजोस की कुल संपत्ति में 13 अरब डॉलर (करीब 970197800000 रुपये) की बढ़ोत्तरी हुई है। इस तरह बेजोस की कुल दौलत 189 अरब डॉलर हो गई है। इस इंडेक्स के मुताबिक सोमवार को बेजोस की संपत्ति 176 अरब डॉलर पर थी।
कोरोना वायरस की वजह से दुनिया के कई हिस्सों में लॉकडाउन या लोगों की आवाजाही पर पाबंदी है। दूसरी ओर कई स्थानों पर अगर किसी तरह की पाबंदी नहीं है तो भी लोग घरों से नहीं निकलना चाह रहे हैं। इस वजह से लोग ग्रॉसरी से लेकर अन्य सभी तरह के सामान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से मंगा रहे हैं। ई-कॉमर्स में वर्ल्ड लीडर होने का लाभ अमेजन को मिल रहा है। यही वजह है कि बेजोस की संपत्ति में इतनी जबरदस्त वृद्धि हुई है।
बिल गेट्स दूसरे स्थान पर
अमेरिका के ही बिल गेट्स ब्लूमबर्ग की इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 118 अरब डॉलर आंकी गई है। फ्रांस के बर्नार्ड आरनॉल्ट 94.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। वहीं फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग 93.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर है।
8वें स्थान पर बने हुए हैं मुकेश अंबानी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी इस लिस्ट में आठवें स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 72.1 अरब डॉलर आंकी गई है। इस सूची में बेजोस, गेट्स, आर्नाल्ट और जुकरबर्ग के अलावा स्टीव बाल्मर, एलन आर मस्क और लैरी पेज ही अंबानी से आगे हैं।