यूक्रेन (Ukraine) पर रूस (Russia) के हमले को विधायक डॉ. अभय कुमार सिंह (Dr. Abhay Kumar Singh) ने जायज ठहराया है। मूलत: पटना के रहने वाले और रूस में विधायक डॉ. सिंह ने कहा कि यूक्रेन को पर्याप्त समय दिया जा चुका है, इसलिए यह सैन्य कार्रवाई सही है। उन्होंने यूक्रेन में भारतीयों पर हमलों को बदला करार दिया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार यूक्रेन का समर्थन नहीं कर रही है, इसलिए जानबूझकर भारतीयों को निशाना बनाया गया होगा।

मूलत: पटना के रहने वाले रूस में विधायक डॉ. अभय सिंह

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की पार्टी से पश्चिमी शहर कुर्स्क से विधायक डॉ. अभय कुमार सिंह ने  कहा कि यूक्रेन में भारतीय लोगों पर किया गया हमला, यूक्रेन द्वारा की गई बदले की कार्रवाई है। बता दें डॉ. सिंह पटना के रहने वाले हैं और वह रूस में ‘डेप्यूटैट’ (deputat ) है। यह पद भारत के विधायक के बराबर है। 


डॉ. सिंह ने कहा कि अगर चीन बांग्लादेश में अपना सैन्य अड्डा स्थापित करता है तो भारत इसे किसी भी हाल में पसंद नहीं करेगा। इसी तरह रूस के खिलाफ बनाया गया नाटो (NATO) सोवियत संघ के टूटने के बाद भी विघटित नहीं हुआ। यह धीरे-धीरे रूस के करीब आ गया। उन्होंने कहा कि अगर यूक्रेन नाटो का सदस्य हो जाता है तो नाटो रूस के और करीब जाएगा, क्योंकि यूक्रेन पड़ोसी देश है। इसलिए कार्रवाई के अलावा और विकल्प नहीं था।

यूक्रेन पर परमाणु हमले को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि परमाणु हथियारों के अभ्यास का उद्देश्य किसी अन्य देश द्वारा रूस पर हमला करने पर जवाब देना था। इसके बारे में चिंता करने वाली कोई बात नहीं है। राष्ट्रपति पुतिन ने घोषणा की है कि परमाणु अभ्यास केवल उन लोगों को जवाब देने के लिए था, जो रूस पर हमला करने की मंशा रखते हैं। यदि कोई अन्य देश हम पर हमला करता है तो रूस जवाब देगा। 
 
बता दें कि डॉ. अभय कुमार सिंह मूल रूप से पटना के मूल निवासी हैं। पटना के लोयला स्कूल से हाईस्कूल के बाद मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए वह साल 1991 में मेडिकल की पढ़ाई के लिए रूस गए थे। उन्होंने अपनी स्नातक की पढ़ाई रूस के कुर्स्क स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी से पूरी की। इसके बाद वे डॉक्टर के रूप में सेवाएं देने के लिए पटना लौट आए। कुछ समय बाद वे वापस रूस लौट गए। वहाँ उन्होंने  दवा व्यवसाय शुरू किया और बाद में रियल एस्टेट तथा निर्माण क्षेत्र में कदम रखा।