नई दिल्ली, कश्मीर घाटी में हिजबुल मुजाहिदीन के टॉप कमांडर रियाज नाइकू को मार गिराने के बाद सुरक्षाबलों की मोस्ट वांटेड लिस्ट में अब 12 आतंकी रह गए हैं। इस लिस्ट में लश्कर-ए-तैयबा के सलीम, हिजबुल मुजाहिदीन के डॉ सैफल्ला मीर, द रजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के अबु हमजा, अंसार गजवातुल हिंद (AGH) का खालिद इंब्राहिम सहित अन्य कुख्यात आतंकियों के नाम शामिल हैं। इस लिस्ट में कई आतंकी पाकिस्तानी भी हैं। 

अवंतीपाेरा के बेगीपोरा में चल रही मुठभेड़ में हिज्ब कमांडर रियाज नाइकू के साथ डिप्टी कमांडेंट डॉ सैफुल्ला मारे जाने की भी संभावना है। अगर वह बच गया है तो वह ही हिज्ब का अगला कमांडर हो सकता है। इसी के साथ वह सुरक्षाकर्मियों की मोस्ट वांटेड लिस्ट में भी सबसे ऊपर रहेगा।

आतंकी सलीम (लश्कर) : उसके अलावा उत्तरी कश्मीर में संक्रिय लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी सलीम परे भी इस समय सुरक्षाबलों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर पुलिस व सेना उसे मार गिराने का बस एक मौका तलाश रही हैं। उससे जुड़ी एक सूचना पाने के लिए घाटी में उन्होंने अपने सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया हुआ है। परंतु अभी तक कामयाबी नहीं मिल पा रही है। बांडीपोर का रहने वाला सलीम दो साल पहले वर्ष 2018 में आतंकवादी संगठन लश्कर से जुड़ा था।

आतंकी जावेद मट्टु (अल-बदर ): इसके बाद लिस्ट में नाम आता है अल-बदर कमांडर जावेद अहमद मटटु का, जो साेपोर का रहने वाला है। यह डबल ए-श्रेणी के आतंकवादियों में आता है। इसका सोपोर व उसके आसपास के इलाकों में काफी दबदबा है।

आतंकी अली (पाकिस्तानी नागरिक): उत्तरी कश्मीर और उसके साथ लगते इलाकों में पिछले चार सालों से सक्रिय जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादी अली पाकिस्तान का रहने वाला है। हालांकि बीते कुछ महीनों से वह किसी को नजर नहीं आया है, वह भी मोस्ट वांटेड आतंकियों में शामिल है।

इसके अलावा, दक्षिण कश्मीर में त्राल का रहने वाला जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादी शमीम सोफी और पाकिस्तानी जैश कमांडर मूसा उर्फ वलीद, श्रीनगर में सक्रिय हिज्ब कमांडर जुनैद अम्मार, कुलगाम के हिज्ब कमांडर अब्बास शेख और फारूक का नाम भी टॉप 12 मोस्ट वांटेड आतंकियों की लिस्ट में है। सुरक्षाबलों का कहना है कि लिस्टम में शामिल टीआरएफ के अबु हमजा और एजीएच के खालिद इब्राहिम के बारे में उनके पास कोई ज्यादा जानकारी नहीं है। 

अब तक मारे गए आतंकियों की सूची

कुलगाम का अयातुल्ला खुमैनी  – मई 2015

पाकिस्तानी आतंकी अबु कासिम – सितंबर 2015

कोयमू कुलगाम का दाउद शेख – 7 मार्च 2016

त्राल का बुरहान वानी – 8 जुलाई 2016

दाउद का पड़ोसी आतंकी कमांडर माजिद जरगर – 10 जनवरी 2017

जुनैद मटटु  – 16 जून 2017

वसीम अहमद शाह – 13 अक्तूबर 2017

लश्कर का पाकिस्तानी कमांडर अबु दुजाना और उसका साथी आरिफ ललहारी – 1 अगस्त 2017

जैश को छोड़ अंसार गजवातुल हिंद में शामिल होने वाला अबु हमास – 17 मार्च 2018

मोहम्मद यासीन इट्टु़ उर्फ गजनवी – 14 अगस्त 2017

सद्दाम पडर  – 6 मई 2018

अल्ताफ अहमद काचरु – 29 अगस्त 2018

जीनत उल इस्लाम – 12 जनवरी 2019

जाकिर मूसा – 23 मई 2019

नवीद जट्ट  – नवंबर 2018

जैश कमांडर कामरान गाजी – फरवरी 2019