राममंदिर ट्रस्ट में एक और जमीन घोटाला, मेयर के परिजन ने जमीन खरीद-बिक्री में करोड़ों की हेराफेरी की: संजय सिंह
![]() |
| अयोध्या में प्रस्तावित राम मंदिर (तस्वीर: अमर उजाला) |
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust) द्वारा राम मंदिर के लिए खरीदी गई जमीन में एक और घोटाला सामने आया है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने राम मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टियों के साथ बीजेपी नेताओं पर जमकर निशाना साधा है।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने इस नए मामले से जुड़े कई साक्ष्य प्रस्तुत करते हुए, राम मंदिर के लिए खरीदी जा रही जमीन में धांधली की बात कही है।
दरअसल, अयोध्या से भाजपा के मेयर ऋषिकेश उपाध्याय और उनके परिवार से जुड़े लोगों पर सस्ती दर में जमीन खरीद कर कई गुना महंगी दर पर राम मंदिर ट्रस्ट को बेचे जाने का भी आरोप लगाया गया है।
सांसद संजय सिंह ने बताया कि अयोध्या में भाजपा के मेयर ऋषिकेश उपाध्याय के भतीजे दीप नारायण द्वारा बीते 20 फरवरी 2021 को पहले 35.6 लाख की मलकियत वाली जमीन को महज 20 लाख रुपये में खरीदा गया। फिर उसे 11 मई 2021 को ढाई करोड़ में राम मंदिर ट्रस्ट को बेचा गया है।
इसी तरह अयोध्या के कोट रामचंदर में जगदीश प्रसाद को 14.80 लाख की मलकियत वाली जमीन महंत देवेंद्र प्रसाद से महज 10 लाख रुपये में मिल जाती है, लेकिन राम जन्मभूमि ट्रस्ट को 1 करोड़ 60 लाख की जमीन 4 करोड़ में बेचा जाता है।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि इस पूरे खेल में भाजपा के मेयर ऋषिकेश उपाध्याय और उनके भतीजा शामिल है।
राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने कहा, “आम आदमी पार्टी की योगी सरकार से मांग है कि भाजपा के मेयर ऋषिकेश उपाध्याय और राम मंदिर की जमीन में घोटाले के आरोपी ट्रस्टियों के साथ उनके परिवार से जुड़े लोगों के खातों की जांच कराई जाए। इससे चंदा चोरी का पूरा खेल उजागर हो जाएगा।”
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इसके बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिये राम मंदिर के नाम पर जमीन खरीद में हुई धांधली की सुनवाई कर चंदा चोरों को तत्काल जेल भेजा जाए।
सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पूरे देश के करोड़ों गरीब, आम आदमी, कर्मचारी, व्यापारी, किसान और मजदूर राम भक्त अपना पेट काटकर चंदा दे रहे हैं, लेकिन भाजपा नेता चंदा चोरी और भ्रष्टाचार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर के नाम पर 2 करोड़ की जमीन 18.5 करोड़ में बेचे जाने के हुए खुलासे के 6 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे साबित होता है कि सरकार इन चंदा चोरों को बचाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब बीजेपी नेता ही चंदा चोरी में शामिल हैं, तो सरकार उन पर कार्रवाई करे भी तो कैसे करे?
#राम_मंदिर #अयोध्या #संजय_सिंह #आम_आदमी_पार्टी #भाजपा #जमीन_घोटाला