विंध्यवासिनी माता मंदिर में लोगों को जबरन घुसा रहा था पंडा, पुलिस से भी गुंडागर्दी
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में स्थित माता भगवती के विंध्याचल धाम से एक बार फिर पंडों की गुंडागर्दी की खबरें सामने आई हैं, जिसमें पंडों और पुलिस के बीच मारपीट की घटना हुई है। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है।
बताया जा रहा है कि कोरोना प्रोटोकॉल को लेकर मंदिर बंद था, लेकिन अमित पाठक नाम का मंदिर का पंडा अपने साथ कुछ दर्शनाभिलाषियों को जबरन मंदिर में दर्शन के लिए ले जा रहा है। ऐसे धर्मस्थलों पर पंडे आमतौर पर लोगों से पैसे लेकर भगवान का दर्शन कराते हैं और खुद को उनका पुरोहित बताते हैं।
दरअसल, रविवार की दोपहर को यह घटना तब हुई जब वीकेंड लॉकडाउन के चलते मन्दिर बंद था। मंदिर की सीढ़ी के पास ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अमित और उसके साथ आए लोगों को मंदिर में जाने को मना किया तो अमित पुलिस वालों से उलझ गया। उसने पुलिस वालों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने की कोशिश की। अंत में पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
![]()
पंडों का कहना है कि अधिकारी करेंगे तो वे भी कराएंगे दर्शन
पंडों का कहना है कि अगर अधिकारी अपने परिवार के लोगों को मां विंध्यवासिनी के दर्शन कराएंगे तो वे भी अपने लोगों को अपनी इच्छा के अनुसार दर्शन कराएँगे, भले ही मंदिर बंद हो। जिस समय यह घटना हुई उस समय मंदिर के बाहर सैकड़ों दर्शनार्थियों की भीड़ मौजूद थी। पिटाई का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस झगड़े की वजह कोरोना प्रोटोकॉल का तोड़ना बता रही है।
अमित खुद को बताया है सेलिब्रिटीज का पुरोहित
अमित पंडा खुद को बॉलीवुड के अभिनेता अमिताभ बच्चन के परिवार पुरोहित बताता है। उसका कहना है कि अभिषेक और ऐश्वर्या की शादी के बाद विंध्याचल मंदिर में इसी के पिता ने पूजा-अर्चना करवाई थी।
उसका कहना है कि वह इंदिरा गांधी के परिवार का भी तीर्थ-पुरोहित है। विंध्याचल में राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के आगमन पर उसी ने इस परिवार को माता का दर्शन करवाया था।
![]()
सीओ सिटी प्रभात राय ने कहा कि अमित (पंडा) अपने यजमानों को लेकर मन्दिर में घुसना चाह रहा था। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मना किया तो उसने पुलिस कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया था, जिससे यह घटना घटी। प्रभात राय ने कहा कि अमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही है।
एडिशनल एसपी संजय कुमार ने बताया कि विंध्याचल धाम में पंडा और पुलिस के बीच दर्शन को लेकर हुए मामले को देखते हुए सीओ सिटी प्रभात राय को जांच सौंपी गई है । जांच रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।
देश में हिंदू धार्मिक स्थलों के हाल बदतर
गौरतलब है कि ऐसे हालात सिर्फ विंध्याचल में ही नहीं, बल्कि तमाम धार्मिक स्थलों पर देखने को मिलते हैं। कहीं-कहीं पंड़ों द्वारा दर्शनार्शियों से पैसे छीनने और उनके साथ मारपीट करने की घटना तक सामने आते रहती हैं। धर्मस्थलों पर पंडों के आतंक से आम आदमी ही नहीं, बल्कि बड़े-बड़े अधिकारी भी परेशान रहते हैं। हालाँकि, भावना का केंद्र होने के कारण इन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। परिणाम यह होता है कि इन पंडों की गुंडागर्दी दिन ब दिन बढ़ती जाती है।