पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एम्स में भर्ती, सीने में है दर्द की शिकायत
नई दिल्ली. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की रविवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान – एम्स (AIIMS) में भर्ती किया गया है. 87 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री को एम्स के कार्डियक न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक रात 8:45 बजे पूर्व प्रधानमंत्री को एम्स लाया गया जहां डॉक्टर्स उनकी जांच कर रहे हैं.
हाल ही में कोविड-19 (Covid-19) के कारण बनी स्थिति के लिए कांग्रेस ने एक सलाहकार समूह बनाया है जिसकी अध्यक्षता मनमोहन सिंह ही कर रहे हैं. कुछ ही दिन पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने एक वीडियो जारी कर सरकार से कोरोना वायरस (Coronavirus) की जांच को और बढ़ाने की मांग की थी. सिंह ने कहा था कि पर्याप्त जांच न होने के कारण देश में कोरोना वायरस के केस बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा था कि ज्यादा से ज्यादा जांच करके ही कोरोना वायरस को खत्म किया जा सकता है.
मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे. इससे पहले वह 1991 में नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री रहे. मनमोहन सिंह के वित्त मंत्री रहते ही देश के बाजार को विदेशी कंपनियों के लिए खोला गया. मनमोहन सिंह भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) के 15वें गवर्नर रहे. वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) की सरकार में योजना आयोग के डिप्टी चेयरमैन भी रहे.
मनमोहन सिंह अपने पूरे राजनीतिक कार्यकाल में कभी भी लोकसभा के सदस्य नहीं रहे. सिंह 1991 से 2019 तक असम से राज्यसभा के सदस्य रहे. अगस्त 2019 में राजस्थान से राज्यसभा सांसद मदन लाल सैनी की मौत के बाद सिंह ने वहां से नामांकन दाखिल किया. अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में वह विपक्ष के नेता रहे. 1999 में उन्होंने दक्षिणी दिल्ली से लोकसभा चुनाव लड़ा था, हालांकि वह उसमें जीत दर्ज नहीं कर सके थे.
मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को पंजाब के गाह में हुआ था. जब वह बहुत छोटे थे तभी उनकी मां का देहांत हो गया था. भारत के बंटवारे के बाद उनका परिवार अमृतसर में आ गया था. मनमोहन सिंह ने कैंब्रिज और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई पूरी की है. ऑक्सफोर्ड से डीफिल की उपाधि लेने के बाद उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी में अध्यापन कार्य भी किया. उनके परिवार में उनकी पत्नी गुरशरण कौर और उनकी तीन बेटियां उपिंदर सिंह, दमन सिंह और अमृत सिंह है.