हेलसिंकी, फिनलैंड की परिवहन मंत्री और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता 34 वर्षीया सना मरीन को देश का प्रधानमंत्री चुना गया है।इसके साथ ही सना दुनिया की सबसे युवा प्रधानमंत्री होंगी। मंगलवार को सना पद और गोपनीयता की शपथ ले सकती हैं।

दरअसल, उनकी सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता एंटी रिने ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। रिने यहां एक महीने से जारी डाक हड़ताल से निपटने में नाकाम रहे थे। इसकी वजह से उन्होंने एक सहयोगी पार्टी का विश्वास खो दिया था। 

सना टैम्परे विश्वविद्यालय से प्रशासनिक विज्ञान में पोस्टग्रैजुएट हैं। वह 27 साल की उम्र में टैम्परे की नगर परिषद की प्रमुख चुनी गई थीं, जबकि जून 2019 में उन्हें देश का परिवहन और संचार मंत्री बनाया गया था।

वहीं, दुनिया में दूसरे सबसे युवा प्रधानमंत्री यूक्रेन के ओलेक्सी होन्चेरुक हैं। उनकी उम्र 35 साल है। सना ने उम्र के सवाल पर संवाददाताओं से कहा- “मैंने कभी अपनी उम्र और जेंडर के बारे में नहीं सोचा। मैं कुछ कारणों से राजनीति में आई और लोगों का विश्वास भी जीता।”

फिनलैंड को मंदी से बाहर निकालने के वादे के साथ एंटी रिने के नेतृत्व में सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ने अप्रैल में मामूली अंतर से जीतकर सरकार बनाई थी। उसी सरकार ने 700 डाक कर्मचारियों के मेहनताने में कटौती की योजना बनाई थी। इस फैसले के विरोध में डाक कर्मचारी बीते एक महीने से हड़ताल पर थे।