पटना, बिहार में काला हिरण की तस्करी (Black Buck) से जुड़े एक मामले का खुलासा हुआ है. पटना से सटे बिहटा के कटेसर-अमनाबाद गांव के पास रात 8 और 9 बजे के करीब एक स्कॉर्पियो से हिरण लेकर जाने की सूचना पर गांव के लोगों ने पीछाकर उसे घेर लिया. स्कॉर्पियो (Scorpio) रुकते ही उसमें हिरण देखकर युवाओं ने इसकी सूचना पुलिस को दी और उसका वीडियो बनाकर फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया था.

इस मामले में बालू माफिया गुड्डू खान का नाम आ रहा है. बताया जाता है कि स्कॉर्पियो बीआर01डीडी-9292 गाड़ी उसी की है. वह पटना जिले के मनेर नगर उपाध्यक्ष फरीद हुसैन उर्फ गुडडू खान के भाई अरशद खान के नाम पर है. पुलिस टीम ने तत्काल वहां पहुंचकर हिरण को अपने कब्जे में ले लिया तथा स्कॉर्पियो को जब्त कर थाना ले आई. साथ ही उसके चालक मनेर थाना के चार हजार मोहल्ला निवासी मोहम्मद सलीम एवं पतीला गांव के बुधन राय को गिरफ्तार कर इसकी सूचना वन विभाग पटना की डीएफओ रुचि सिंह को दी.

रात होने के कारण हिरण को उसी समय पटना भेजकर उसे सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी टीम के साथ डीएफओ बिहटा थाना पहुंची जहां गिरफ्तार चालक सलीम और उसके सहयोगी कपिल कुमार से पूछताछ कर उनके बयान रिकॉर्ड किये गए. जिसके बाद पुलिस से पूछताछ कर दोनों को साथ लेकर टीम पटना चली गई. दोनों के खिलाफ पीओआर में प्राथमिकी दर्ज कर आगे मिले सबूत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

यह दुर्लभ किस्म की प्रजाति है और इसे आम या खास व्यकति अपने पास नहीं रख सकता. ये कानूनन दंडनीय अपराध है. जब इस मामले में चालक और उसके सहयोगी से पूछताछ की गई तो उनके बयान में विरोधाभास मिला है.