पाकिस्तान में ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर हुए हमले पर विवाद थमा भी नहीं था कि अब एक सिख युवक की हत्या का मामला सामने आया है. युवक का शव चमकानी पुलिस स्टेशन के पास से बरामद हुआ है. मारे गए सिख युवक की पहचान रवींद्र सिंह के रूप में हुई है. रवींद्र सिंह मलेशिया में रहता था और अपनी शादी के लिए पेशावर आया था. वह मॉल में शादी की शॉपिंग करने आया था. खैबर पख्तूनवा प्रांत के शांगला युवक का मूल स्थान था. पाकिस्तान के पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पत्रकार हरमीत सिंह का वह भाई था.

विदेश मंत्रालय ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय ने बयान जारी कर पाकिस्तान के पेशावर में अल्पसंख्यक सिख समुदाय के सदस्यों की ‘निशाना बनाकर की जा रहीं हत्याओं’ की कड़ी निंदा की है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी सिख युवक की हत्या की निंदा करते हुए इमरान खान से उपदेश देने के बजाय ऐक्शन लेने को कहा है।

वहीं, मारे गए युवक के भाई ने पाकिस्तान सरकार से इंसाफ की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां केस दबा दिए जाते हैं। पाकिस्तान सरकार को अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए हजारों, लाखों, करोड़ों की फंडिंग आती है। लेकिन अल्पसंख्यक तब भी असुरक्षित है। उन्होंने कहा कि कभी पेशावर में तो कभी कहीं और इसी तरह अल्पसंख्यकों की हत्याओं का सिलसिला चलता रहता है।

दरअसल, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने ननकाना साहिब गुरुद्वारे के बाहर हुए हमले की निंदा की थी और बाद में इसे दो मुसलमानों का मामला बताकर इस पर लीपापोती करने की कोशिश की है. इमरान खान और पाकिस्तान के पिछले रवैये को देखते हुए इस मामले में भी सरकार द्वारा बहुत कुछ किए जाने की उम्मीद नहीं है.

दरअसल, सिख समुदाय के पवित्रतम स्थलों में से एक पाकिस्तान के ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर शुक्रवार को भीड़ ने हंगामा किया था और सिख समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक बातें की थीं. आरोप है कि गुरुद्वारे पर पथराव किया गया था हालांकि पाकिस्तान सरकार ने इससे इनकार करते हुए कहा है कि गुरुद्वारे को निशाना नहीं बनाया गया. घटना के वीडियो में साफ दिखा कि भीड़ का नेतृत्व करने वाला ननकाना साहिब से सिखों को निकालने समेत अन्य आपत्तिजनक बातें कर रहा है.

भीड़ का नेतृत्व वह मुस्लिम परिवार कर रहा था जिस पर एक गुरुद्वारे के ग्रंथी की बेटी जगजीत कौर को बंदूक की नोंक पर अगवा कर धर्मांतरित करने के बाद जबरन निकाह करने का आरोप है.