अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन के पास अंधाधुन फायरिंग में अधिकारी की मौत, हमलावर भी ढेर
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के हेडक्वार्टर पेंटागन के पास मेट्रो स्टेशन पर फायरिंग हुई, जिसमें पेंटागन के एक अफसर की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन चलाया और संदिग्ध हमलावर को भी मार गिराया। हालाँकि, फायरिंग किसने और क्यों की, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
![]() |
| पेंटागन से कुछ दूरी पर स्थित अमेरिकी राष्ट्रपति भवन ह्वाइट हाउस (फोटो साभार: दैनिक भास्कर) |
इससे पहले पेंटागन ने सोशल मीडिया पर बताया कि पुलिस की कार्रवाई के कारण लॉकडाउन लगा दिया गया। इस दौरान पेंटागन मुख्यालय और आसपास के लोगों को घर के बाहर निकलने से रोक दिया गया। रक्षा विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, मेट्रो बस प्लेटफॉर्म के पास हुई गोलीबारी की घटना के बाद ये फैसला लिया गया।
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, मेट्रो बस प्लेटफॉर्म पर यह घटना हुई है। यह पेंटागन आने का सबसे बड़ा प्रवेश द्वार है, जहां से हजारों लोग आते-जाते हैं। मीडिया रिपोर्ट में कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के तुरंत बाद पेंटागन फोर्स प्रोटेक्शन एजेंसी (PFPA) को अलर्ट भेजकर रक्षा विभाग के अधिकारियों से अंदर ही रहने को कहा गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एसोसिएटेड प्रेस (AP) के एक पत्रकार ने कई बार गोलियों की आवाज सुनी। उन्होंने पुलिस को ‘शूटर’ बोलते हुए सुना है।
कुछ देर बाद ही पेंटागन फोर्स प्रोटेक्शन एजेंसी ने अपडेट देते हुए कहा, ‘पेंटागन से लॉकडाउन हटा लिया गया है और फिर से खोल दिया गया है। कॉरिडोर 2 और मेट्रो का एंट्री पॉइंट बंद रहेगा। कॉरिडोर 3 पैदल चलने वालों के लिए खुला है।’ बता दें कि पेंटागन में अमेरिका की रक्षा से जुड़ी गतिविधियां होती हैं। सेना के बड़े अधिकारी भी यहीं बैठते हैं। यहां से कुछ दूरी पर ही राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस भी है।
पेंटागन मेट्रो स्टेशन को मार्च 2020 में भी बंद किया गया था। उस दौरान सुबह करीब 9 बजे एक शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। हालाँकि, उसी दिन करीब 2:30 बजे इसे दोबारा खोल दिया गया था।