मुंबई में शवों के बीच हो रहा है कोरोना मरीजों का इलाज, अस्पताल का वीडियो आया सामने
मुंबई, आइएएनएस। महाराष्ट्र के एक अस्पताल का रोंगटे खड़ा करने वाला वीडियो सामने आया है। हतप्रभ करने वाले इस वीडियो में अस्पताल के एक वार्ड में कोविड-19 के मरीज बेड पर पड़े शवों के बीच दिख रहे हैं। वीडियो भाजपा विधायक नितेश राणे ने बुधवार को पोस्ट किया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिलीं, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय का कोई बयान नहीं आया है। वीडियो में सिओन अस्पताल का कोविड-19 चिकित्सा वार्ड दिख रहा है। वहां करीब आधा दर्जन शव इलाज के लिए भर्ती जीवित रोगियों के समीप के बेड पर पड़े दिख रहे हैं। शवों को काले प्लास्टिक बैगों में बांध दिया गया है। कुछ कपड़े या कंबल से ढंके हुए हैं।
वीडियो सामने आने के बाद बृहन्मुंबई महापालिका परिषद के मेयर किशोरी पेडणेकर ने गुरुवार को इस घटना की जांच के आदेश दिया। वहीं, विधायक राणे ने कहा कि यह वीडियो एलटीएमजी अस्पताल सिओन (सिओन अस्पताल) का है। बुधवार को मेरा एक कार्यकर्ता वहां कुछ काम करने गया था। शवों के पास रोगी लेटे हुए दिख रहे हैं। यह तो पराकाष्ठा है।
सबसे हैरत की बात यह है कि आइसोलेटेड चिकित्सा केंद्र होने के बावजूद कई ऐसे लोग वार्डो में घूमते दिख रहे हैं जो स्वास्थ्य कार्यकर्ता नहीं लगते। ऐसे लोगों में रोगियों की महिला रिश्तेदार भी हैं। यह भी साफ नहीं है कि कोविड-19 से मरने वालों के शव कब तक हटाए जाएंगे।
बता दे कि महाराष्ट्र राज्य संक्रमित मामलों में सबसे ऊपर है। राज्य के सर्वाधिक कोरोना पॉजिटिव मरीज मुंबई में हैं। मुंबई की भयावह स्थिति के बावजूद यहां लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। मुंबई के सायन अस्पताल का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि वॉर्ड में मरीजों के बीच शव रखे गए हैं। देश के मुकाबले महाराष्ट्र में अकेले अब तक 17 हजार के करीब कोरोना मामले आ चुके हैं और 651 लोगों की मौत हुई है।