मेरठ, भूड़ बराल का रहने वाला शमशाद बड़ा ही शातिर था। उसने गांव के ही कपिल और सचिन से दोस्ती कर रखी थी। चंचल ने प्रिया और कशिश को ढूंढने की कोशिश की तो उसे भी रास्ते से हटाने का प्लान तैयार कर लिया था। चंचल को बताया गया कि प्रिया और कशिश घर पर ही है, बाकायदा उसे मां बेटी से मिलने भी बुलाया था। शमशाद ने अपने दोस्त कपिल और सचिन से भी चंचल की बातचीत कराई थी। शमशाद के इरादों को चंचल भांप गई, और शमशाद के घर जाने से इन्कार कर दिया।

चंचल ने बताया कि शमशाद ने गांव में पूरा गुट बनाकर रखा था। इसके गुट में कपिल और सचिन भी शामिल हैं, जो पूरे गांव में लोगों के साथ मारपीट करते रहते है। चंचल के पास कपिल और सचिन से बातचीत का ऑडियो भी है, जिसमें चंचल की हत्या की प्‍लानिंग भी शमशाद के साथ मिलकर की गई। ऐन वक्त पर चंचल उनके इरादों को भांप गई। वरना आरोपित उसकी हत्या कर शव को कमरे में ही दफन कर देते। उसके बाद प्रिया और कशिश की हत्या का राज हमेशा के लिए दफन हो जाता। हैरत की बात है कि इतना सब कुछ होने के बाद अभी तक पुलिस ने शमशाद का साथ देने वाले कपिल और सचिन को नहीं पकड़ा है, जो गांव में घूम रहे है। चंचल ने यहां तक कहा कि ये दोनों उसकी हत्या भी कर सकते हैं, क्योंकि दोनों शमशाद का साथ दे रहे थे। उन्होंने कई बार चंचल को भी इस केस से दूर रहने की सलाह दी है। चंचल के संघर्ष करने की वजह से ही लव जिहाद के इस घिनौने कृत्य से पर्दा उठ पाया।

बुक बाइडिंग का काम करने वाले शमशाद ने करोड़ों की संपत्ति कहां से हासिल की है। उसका हर माह का खर्च भी काफी थी। गाजियाबाद के इंद्रापुरम में अपनी पत्नी अफसाना को किराए के मकान में रखता था। उसके बाद भूड़ बराल के मकान में प्रिया और कशिश के साथ रहता था। पुलिस जांच कर रही है कि आखिर शमशाद पर दो पत्नियों का खर्च चलाने से लेकर संपत्ति हासिल करने के लिए मोटी रकम कहां से आ रही थी। एमडीए से लेकर रजिस्ट्री कार्यालय में शमशाद और प्रिया के नाम संपत्ति का रिकॉर्ड पुलिस ने मांगा है।

”लव जिहाद में मारी गई मां बेटी के मामले में पुलिस की टीम बिहार और गाजियाबाद भेजी गई है, जो शमशाद की पत्नी और साले की धर-पकड़ कर रही है। साथ ही शमशाद से गांव में ताल्लुक रखने वाले कपिल और सचिन की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस के नाम से शमशाद से रकम लेने वाले नकुल शर्मा को पुलिस ने उठा लिया है।”

-अजय साहनी, एसएसपी