बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी देने वाले युवक महेश पांडेय को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पूर्णिया के एसपी कार्तिकेय शर्मा ने शनिवार (2 नवंबर) को एक प्रेस वार्ता में दी।

आरोपित महेश पांडेय (साभार: ABP)

एसपी ने बताया कि पप्पू यादव को धमकी देने के मामले में पुलिस ने निरंतर अनुसंधान किया गया था। इसी सिलसिले में महेश पांडेय का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में महेश ने स्पष्ट किया कि उसका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है।

एसपी ने आगे जानकारी दी कि महेश पांडेय का कई माननीयों (सांसद-मंत्री-विधायक) से सीधा संपर्क था। वह पहले एम्स और रक्षा मंत्रालय की कैंटीन में भी काम कर चुका है, लेकिन वर्तमान में वह बेरोजगार था। यह सभी तथ्य प्रारंभिक जांच में सामने आए हैं और अब पुलिस इन्हें कोर्ट में प्रस्तुत कर रिमांड पर लेकर और पूछताछ करेगी।

इसके अलावा, एसपी ने बताया कि महेश का पप्पू यादव के सहयोगियों से भी संपर्क रहा है। पुलिस अन्य संभावित एंगलों पर भी जांच कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि धमकी देने के लिए कई नंबरों का उपयोग किया गया था, लेकिन गिरफ्तारी उस नंबर के माध्यम से हुई, जिससे पहली बार धमकी दी गई थी।

यह नंबर दुबई से संबंधित है। महेश पांडेय की साली भी दुबई में रहती है। वह कुछ समय पहले दुबई गया था वहाँ से उसने सिम ली थी। उसे लेकर भारत चला आया था। उसी सिम कार्ड से उसने पप्पू यादव को धमकी दी थी। पुलिस यह भी जाँच कर रही है कि इस मामले में कौन-कौन शामिल है।

बता दें कि हाल ही में मुंबई में बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद पप्पू यादव को फोन कॉल पर धमकी दी गई थी। इसके बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि पप्पू यादव और बिश्नोई के बीच सीधी दुश्मनी हो सकती है। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक हलचल भी पैदा कर दी है। अब युवक से पूछताछ के बाद अन्य महत्वपूर्ण तथ्य उजागर होने की संभावना है।