मुंबई. महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने दावा किया कि कोविड-19 (Covid-19) स्थिति सामान्य होने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर एक ‘राजनीतिक भूचाल’ आएगा. पाटिल ने महाराष्ट्र में भी ऐसे ही ‘राजनीति भूचाल’ की भविष्यवाणी करते हुए दावा किया कि कांग्रेस नेतृत्व को अपना कुनबा एकजुट रखने का प्रयास करना चाहिए क्योंकि कई नेता पाला बदलकर बीजेपी में जाएंगे.

पाटिल ने एक मराठी समाचार चैनल से कहा, ‘मैंने सुना है कि कांग्रेस के प्रदेश स्तर के एक नेता (वरिष्ठ बीजेपी नेता) एकनाथ खड़से को फुसलाने का प्रयास कर रहे थे. उन्हें पता होना चाहिए कि खडसे कई वर्षों तक पार्टी के एक तेजतरार्र नेता रहे हैं. महाराष्ट्र सहित राष्ट्रीय स्तर पर एक राजनीति भूचाल आएगा क्योंकि कोविड-19 संकट के बाद कांग्रेस के कई नेता बीजेपी में शामिल होंगे.’

उन्होंने कहा कि बीजेपी कोरोना वायरस खतरे के कम होने का इंतजार कर रही है. पाटिल ने दावा किया, ‘उसके बाद कांग्रेस नेता (जो खडसे को फुसलाने का प्रयास कर रहे थे) स्वयं राजनीतिक भूचाल देखेंगे. प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को अपना कुनबा एकजुट रखने का प्रयास करना चाहिए. हम हमारे विपक्ष को एक बड़ा झटका देंगे. बीजेपी आने वाले महीनों में और मजबूत होकर उभरेगी.’ खडसे और बीजेपी नेतृत्व के बीच वाकयुद्ध बुधवार को और तेज हो गया जब पाटिल ने नाराज नेता द्वारा किये गए दावों पर पलटवार किया.