सर्वे ऑफिसर मुनेंद्र दुबे ने की करोड़ों की अवैध कमाई, सोने की ईंट सहित 6.77 करोड़ बरामद
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के भू-सर्वेक्षण अधिकारी मुनेन्द्र कुमार दुबे ने भ्रष्टाचार की के जरिये लगभग 7 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति बनाई है। दुबे उमरिया जिले के मानपुर में पदस्थापित है, जहाँ उसके 3 ठिकानों पर लोकायुक्त पुलिस ने छापा मारकर 1 किलो सोने की ईंट, 3 लाख कैश, 60 लाख की एफडी सहित 6.77 करोड़ की अवैध संपत्ति बरामद की है। लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को रीवा के छत्रपति नगर आवास भोपाल और शहडोल शहर में छापेमारी की। बुधवार शाम 6 बजे तक 6.77 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति उजागर हो चुकी है।
दरअसल, दुबे की अवैध संपत्ति की शिकायत रीवा लोकायुक्त कार्यालय पहुंची थी। इसके बाद एसपी लोकायुक्त राजेन्द्र कुमार वर्मा ने सत्यापन के बाद शिकायत को सही पाया। लोकायुक्त निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार की शुरुआती दबिश में पहले रिकॉर्ड खंगाले गए। इसके बाद तिजोरी और अलमारी में रखे कैश व सोने की ईंट जब्त किया गया।
![]() |
|
आरोपी मुनेन्द्र दुबे (फोटो साभार: दैनिक भास्कर)
|
लोकायुक्त के अधिकारियों ने बताया कि उमरिया जिले के मानपुर में पदस्थ दुबे की 1985 में नौकरी लगी थी। अब तक वह सरकारी सेवक के रूप में दुबे ने 35 साल की सेवा दी और इस दौरान कुल 70 लाख की सैलरी ली। इस सैलरी में 33 फीसदी खर्च माना जाय तो आरोपी के पास 50 लाख के आसपास संपत्ति होनी चाहिए थी।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी के पास शहडोल में 50 लाख रुपये की कीमत का 1,375 वर्गफीट में तीन मंजिला मकान, 25.50 लाख कीमत का कोलार रोड भोपाल में 1,200 वर्गफीट में 1 डुप्लेक्स, 45 लाख रुपए का चिरहुला रीवा में दो मकान, 1.10 करोड़ रुपए का चिरहुला मंदिर के पास तीन मंजिला मकान व चार दुकान, 90 लाख की कीमत का वर्ष 2010-11 में क्रय किया गया 30 डिसमिल भूमि सहित कई प्लॉट और मकान हैं, जो उसने अपनी अवैध कमाई से खरीदी है।