कोरोना से पूर्व चीफ जस्टिस की मौत, देश में संक्रमितों की संख्या 37,700 के पार
नई दिल्ली, विश्व भर में कोरोना का कहर जारी है। सरकार के हर प्रयास के बावजूद भारत में भी हालात गंभीर हो रहे हैं। कोरोना के कारण दिल्ली लोकपाल के सदस्य और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस अजय त्रिपाठी की मौत हो गई है। कोरोना से संक्रमित होने के बाद जस्टिस त्रिपाठी को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। 62 वर्षीय जस्टिस त्रिपाठी को दो अप्रैल को एम्स में भर्ती कराया गया था।
उन्हें कोरोना के संक्रमण के बाद जब एम्स लाया गया तब उनकी हालत काफी खराब हो गई थी। उन्हें वेंटिलेटर पर रख कर उपचार किया जा रहा था। हालांकि डॉक्टरों की काफी कोशिश के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उनकी मौत हो गई है। एम्स के ट्रॉमा सेंटर में ज्यादातर दुर्घटना के शिकार लोगों का इलाज किया जाता है लेकिन उसे हाल ही में समर्पित कोरोना अस्पताल बनाया गया है। स्वास्थ्य पेशेवरों ने कहा है कि कोरोनोवायरस विशेष रूप से बहुत छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरनाक है।
वहीं, रिटायर्ट जस्टिस त्रिपाठी की बेटी और रसोइया को भी कोरोना का संक्रमण हुआ था हालांकि वह दोनों लोग फिलहाल स्वस्थ्य बताएं जा रहे हैं।
देशभर की बात करें तो कोरोना संक्रमितों आंकड़ा बढ़कर 37,776 पर पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) द्वारा शनिवार शाम को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोनावायरस से अब तक 1,223 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि संक्रमितों की संख्या 37,776 हो गई है।
वहीं, पिछले 24 घंटों में कोरोना के सबसे ज्यादा 2,411 नए मामले सामने आए हैं और 71 लोगों की मौत हुई है। राहत वाली बात यह है कि इस बीमारी से अब तक 10,018 मरीज ठीक को चुके हैं। रिकवरी रेट 26.64 प्रतिशत हो गया।