नई दिल्ली, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने केरल सोना तस्करी मामले में छह और लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं जांच एजेंसी ने छह स्थानों पर तलाशी ली। एक अधिकारी ने रविवार (2 अगस्त) को यह जानकारी दी। एनआईए ने केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित यूएई के वाणिज्य दूतावास में राजनयिक माध्यमों से सोने की तस्करी के मामले में अभी तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

एनआईए प्रवक्ता ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी रमीस के टी के साथ साजिश रचने के मामले में 30 जुलाई को दो आरोपियों एर्नाकुलम के जलाल ए एम और मालापुरम के सईद अलवी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 31 जुलाई को मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें मालापुरम निवासी मोहम्मद शफी पी और अब्दु पी टी शामिल हैं।

पीएफआई का सदस्य भी साजिश में शामिल
एनआईए ने शनिवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें एर्नाकुलम निवासी मुहम्मद अली इब्राहिम तथा मुहम्मद अली हैं। जांच में पता चला कि वे साजिश में शामिल थे और तिरुवनंतपुरम में रमीस के टी से तस्करी किया गया सोना लेने तथा अन्य साजिशकर्ताओं में उसे बांटने में जलाल ए एम की मदद कर रहे थे। अधिकारी ने कहा कि मुहम्मद अली पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) का सदस्य है और केरल पुलिस ने पहले उसके खिलाफ एक प्रोफेसर की हथेली काटने के मामले में आरोप पत्र दाखिल किया था, लेकिन 2015 में मुकदमे के बाद वह बरी हो गया।

छापेमारी में हार्ड डिस्क समेत कई सामान जब्त
प्रवक्ता ने बताया कि एनआईए ने रविवार को छह स्थानों पर छापेमारी की, जिनमें एर्नाकुलम में जलाल ए एम और राबिन्स हमीद के घर, मालापुरम में रमीस के टी, मोहम्मद शफी, सईद अलवी और अब्दु पी टी के घर हैं। तलाशी के दौरान दो हार्ड डिस्क, एक टैबलेट कंप्यूटर, आठ मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड, एक डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर और पांच डीवीडी जब्त की गईं। इनके अलावा बैंक पासबुक, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, यात्रा दस्तावेज और आरोपियों के पहचान पत्र समेत अनेक कागजात भी जब्त किए गए। बता दें कि एनआईए ने केरल में एक राजनयिक बैगेज में 14.82 करोड़ रुपए मूल्य के 30 किलोग्राम सोने की तस्करी के मामले में 10 जुलाई को जांच संभाली थी। तस्करी में कथित रूप से शामिल रहने के सिलसिले में एक महिला संदिग्ध समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मामले में आगे जांच चल रही है।

इस्तीफे की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री उपवास पर बैठे
दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने सोने की तस्करी मामले को लेकर केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन के इस्तीफे की मांग करते हुए रविवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक दिन का उपवास रखा। विदेश और संसदीय मामलों के राज्य मंत्री ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने उन लोगों को अपने कार्यालय का उपयोग करने की अनुमति दी, जो राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहे और राष्ट्र के साथ विश्वासघात किया। मुरलीधरन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों को अपने कार्यालय के उपयोग की अनुमति देकर देश के साथ विश्वासघात किया है। उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। आरोपियों के आतंकी संबंध होने को लेकर सीमा शुल्क विभाग की रिपोर्ट के बाद एनआईए ने यह मामला अपने हाथ में ले लिया।