रांची, झारखंड में पूर्वी सिंहभूमि के पोटका में क्वार्ट्ज और क्वार्ट्जाइट के अवैध खनन की जांच करने पहुंची भूतत्व विभाग की टीम को वहां बड़ी मात्रा में सोने (गोल्ड) के खनिज भंडार मिला है। विभाग के निदेशक फैज मुहम्मद मुमताज ने इस क्षेत्र को अपने अधीन लेकर नीलामी की प्रक्रिया शुरू करने का सुझाव शासन को दिया है। खान एवं भूतत्व विभाग के उपनिदेशक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पोटका में ओडिशा सीमा से सटे राघवडीह, किशनडीह व मरांगमाली वन क्षेत्र में सड़क किनारे भारी मात्रा में क्वार्ट्ज और क्वार्ट्जाइट का अवैध खनन किया जा रहा है।

दरअसल, पिछले दिनों इसकी जांच के लिए जमशेदपुर के खनन पदाधिकारी नदीम शरीफ और सहायक निदेशक करुण कुमार को लेकर वह पोटका पहुंचे थे। जांच में पता चला कि क्षेत्र के तीन जगह पर करीब 690 टन, 1150 टन और 345 टन के क्वार्ट्ज और क्वार्ट्जाइट को तोड़कर भंडारित किया गया है। निरीक्षण में बहुतायत मात्रा में स्मोकी क्वार्ट्ज और फुंसीटाइट क्वार्टजाइट भी पाया गया। स्मोकी क्वार्ट्ज में पायराइट, चालकोपायराइट के अंश देखे गए। यहां स्मोकी क्वार्ट्ज मिलने से यह संभावना बनी कि निश्चित रूप से यहां पर सोना खनिज भी मौजूद होगा, क्योंकि स्मोकी क्वार्ट्ज में ही सोना खनिज होने की प्रबल संभावना रहती है।

 

उपनिदेशक ने बताया कि नदी नाला एवं स्मोकी क्वार्ट्ज में रासायनिक विश्लेषण में सोने के अंश लगभग 2.17 पीपीएम पाया गया है। यह एक उच्च गुणवत्ता का मानक है। रांची स्थित जीएसआइ (जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया) के डिप्टी डायरेक्टर जनरल जनार्दन प्रसाद की ओर से जानकारी दी गई है कि भू वैज्ञानिक अन्वेषण दल यहां सोना खनिज के लिए भूतत्व सर्वे का कार्य कर रहा है।

दरअसल, सोने को क्वार्ट्ज पत्थरों से निकाला जाता है। सोने के छोटे-छोटे टुकड़े इन पत्थरों में होते हैं। ऐसे पत्थर रांची और पूर्वी व पश्चिर्मी सिंहभूमि में पाए जाते हैं। खुदाई के बाद पत्थर की पिसाई कर तेज पानी के बहाव में छाना जाता है। भारी धातु नीचे बैठ जाती है। फिर गोल्ड अट्रैक्टर मैग्नेटिक नीडल से सोना पत्थर से अलग किया जाता है। कुंदरकोचा व लावा में हो रहा अभी सोने का खनन पूर्वी सिंहभूमि के कुंदरकोचा और लावा में दो जगह पहले से ही सोने का खनन हो रहा है। चाईबासा के परडीहा और परासी में सोने की खान की नीलामी हो चुकी है। यहां अभी खनन नहीं शुरू हो पाया है। जमशेदपुर के भीतरडारी में सोने की खान की मात्रा का पता लगाने का काम चल रहा है।