रांची, Jharkhand Election Result 2019 81 सीटों पर मतों की गिनती के साथ ही अब झारखंड विधानसभा चुनाव अपने अंजाम की ओर तेजी से आगे बढ़ जा रहा है। इसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेजेएम) के नेतृत्व वाला गठबंधन बहुमत की ओर दिख रहा है। ऐसे में लगभग स्पष्ट हो चुका है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो झारखंड के अगले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही होंगे।  जैसे-जैसे दिन चढ़ता जा रहा, तस्वीर भी साफ होती जा रही है। 

वहीं, झारखंड चुनाव में जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हेमंत सोरेन और जेएमएम के नेतृत्व वाले गठबंधन को बधाई दी। साथ ही राज्य की सेवा करने के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दी।

उधर, अभी राजधानी में पार्टी कार्यालयों में सभी नेता और बड़े कार्यकर्ता टीवी से चिपके हुए हैं। परिणाम को लेकर अभी कुछ नहीं बोल रहे हैं। हर किसी को दोपहर तक तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। इसके बाद ही बयानों का सिलसिला भी शुरू होगा। टीवी पर परिणाम देखने के साथ यह बहस भी शुरू हो गई है कि झारखंड में नई सरकार के गठन में किस दल की क्या भूमिका होगी। हर किसी की जुबान पर अभी आजसू और झाविमो की ही चर्चा है। दोनों पार्टियां किधर जाएंगी, इसकी चर्चा हो रही है। इस बीच कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह ने कहा है कि अगर कोई दल महागठबंधन में शामिल होता है तो उसका स्वागत करेंगे। उन्होंने जनता के फैसले का स्वागत किया है। कहा कि इस बार झारखंड में महागठबंधन की सरकार बन रही है।

अभी तक भाजपा से कोई बात नहीं हुइ है। राजनीति में कोई दुश्मन नहीं होता है। जनता जो जनादेश देती है उसे स्वीकार करना चाहिए। बाबूलाल मरांडी, सुप्रीमो झाविमो झारखंड 

अगर महागठबंधन में कोई और दल शामिल होना चाहता है तो हम उसका स्वागत करेंगे। झारखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फेल हो गए। उनके पास कोई मुद्दा ही नहीं था। जनता के हर फैसले का हम स्वागत करते हैं। आरपीएन सिंह, कांग्रेस प्रभारी, झारखंड 

हमारा गठबंधन अपराह्न तीन बजे के बाद 65 पार करेगा। इस बार झारखंड ने फैसला कर लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बावजूद झामुमो को कोई नुकसान नहीं हुआ। जनता के फैसले का हम स्वागत करते हैं। सुप्रियो भट्टाचार्य, प्रवक्ता, झामुमो झारखंड

मेरी हाय लगेगी भाजपा को : विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक रहे राधाकृष्ण किशोर का कहना है कि भाजपा को उनकी हाय लगेगी। बेहतर कामकाज के बावजूद भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। इसके बाद वे आजसू में शामिल हो गए। उनके मुताबिक सिर्फ एक व्यक्ति का अहंकार झारखंड में भाजपा को ले डूबा।