शराब पीकर लोग मरेंगे तो जनसंख्या कम होगी: ट्रेन में कच्छा-बनियान पहन चर्चा में आए JDU विधायक गोपाल मंडल
तेजस ट्रेन में चड्ढी-बनियान में घूम कर विवादों में आए बिहार के जदयू विधायक (JDU MLA) गोपाल मंडल (Gopal Mandal) ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। गोपाल मंडल ने कहा है कि शराब पीकर लोग अगर ऐसे ही मरते रहेंगे तो जनसंख्या कम हो जाएगी।
| जदयू विधायक गोपाल मंडल |
गोपाल मंडल ने कहा कि जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शराब पीने से मना कर रहे हैं तो फिर लोग दारू क्यों पीते हैं? नीतीश कुमार ने पहले ही कहा है कि पियोगे तो मरोगे। लोग पीते क्यों हैं, मरने ही के लिए। मंडल ने कहा कि लोग ऐसे ही मरते रहेंगे तो जनसंख्या घटेगी। गरीब आदमी के लिए ही शराब बंद की गई, ऐसे में बनाई हुई शराब पीएगा कोई तो मरेगा ही।
गोपाल मंडल वही विधायक हैं, जो राजेंद्र नगर (पटना) से नई दिल्ली जा रही तेजस राजधानी एक्सप्रेस में शराब पीकर अंडरवियर में घूमते नज़र आए थे। वह ट्रेन के कोच ए-1 में सफर कर रहे थे। ट्रेन जब पटना से चली तब तक तो सब कुछ ठीक था, लेकिन जैसे ही ट्रेन ने कोईलवर पार किया, विधायक अंडरवियर और बनियान में आ गए और इधर-उधर घूमने लगे।
गोपाल मंडल के गंजी-जांघिया में देखकर कोच में मौजूद दूसरे पैसेंजर ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद चलती ट्रेन में कोच के अंदर जमकर हंगामा हुआ। उन पर मारपीट और यात्रियों से गाली गलौज करने का भी आरोप लगा था और FIR तक दर्ज हुई थी।
बता दें कि शराबबंदी के बाद से बिहार में जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत की लगातार खबरें आ रही हैं। हाल में नालंदा में आठ लोगों की मौत हो गई। करीब दो महीने पहले समस्तीपुर, बेतिया और गोपालगंज में जहरीली शराब से करीब 40 लोगों की मौत हो गई थी।
15 जनवरी को मकर संक्रांति के मौके पर नालंदा के छोटी पहाड़ी गाँव में शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गई। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर बक्सर में भी जहरीली शराब से कई लोगों की मौत हुई। पिछले साल जहरीली शराब पीने से करीब 66 लोगों की मौत हुई थी।