जामिया की मुस्लिम छात्रा ने भारतीय सैनिकों को बताया युद्ध अपराधी, एफआईआर दर्ज
बुलंदशहर। मुठभेड़ में शहीद सेना के जवानों को लेकर इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर जामिया मिलिया विश्वविद्यालय की छात्रा मारूफ परवेज के खिलाफ गुलावठी, शहर कोतवाली और खुर्जा में तहरीर के बाद छात्रा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। खुर्जा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बाकी ने अभीं नही किया है।
बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक प्रवीण भाटी एडवोकेट ने खुर्जा कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जामिया मिलिया विश्वविद्यालय दिल्ली की बीएएलएलबी की छात्रा मारूफ परवेज द्वारा बीते तीन मई को भारतीय सेना व सरकार के विरुद्ध अप्रीति की भावना प्रदर्शित करने वाली पोस्ट अपनी इंस्टाग्राम आईडी से की गई थी। जिसमें आतंकी मुठभेड़ में शहीद भारतीय सेना के जवानों को युद्ध अपराधी भी कहा गया और स्थापित भारतीय सरकार के विरुद्ध एक अप्रीति प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि यह पोस्ट समाज के वर्गों के मध्य शत्रुता बढ़ाने वाली थी।
उधर, तहरीर के आधार पर खुर्जा कोतवाली पुलिस ने छात्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। इसी तरह से बजरंग दल के अन्य दो पदाधिकारियों ने गुलावठी और शहर कोतवाली में तहरीर देकर इस छात्रा के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। यही नहीं हिंदूवादी संगठन बजरंग दल के लोगों का कहना है कि यदि इस छात्रा को जिला पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार नहीं किया तो वह सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेंगे।