इस नए खिलाड़ी की आक्रामक बल्लेबाजी देख बोले लोग, भारत को मिला नया सहवाग
चंडीगढ़. बहुत कम ऐसे खिलाड़ी हैं जो पहले ही मैच में मैदान में उतरकर अपने हुनर का जलवा दिखा देता है. नए खिलाड़ियों के अंदर डर होता है, झिझक होती है, लेकिन जो खिलाड़ी चैंपियन होता है वह अपनी छाप छोड़ जाता है. चंडीगढ़ के बायें हाथ के बल्लेबाज अर्सलान खान (Arslan Khan) भी कुछ ऐसे ही खिलाड़ी हैं जिन्होंने मैदान में बल्ले की ताकत देखकर लोग उन्हें दूसरा सहवाग कहने लगे हैं. दरअसल, रणजी ट्रॉफी में चंडीगढ़ के अर्सलान खान ने डेब्यू करते हुए अपने पहले ही मैच में दोहरा शतक ठोका है.
अर्सलान खान (Arslan Khan) ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ नाबाद 233 रनों की तूफानी पारी खेली और इस पारी जिसने भी देखी उसे पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग की याद आ गई. अर्सलान ने 236 गेंदों में 33 चौके और 4 छक्के की बदौलत 233 रन ठोक दिए. उनका स्ट्राइक रेट 98.73 का रहा. शिवम भांभरी के साथ उन्होंने 220 रनों की साझेदारी की.
अर्सलान खान (Arslan Khan) महज 20 साल के हैं और अपने आक्रामक खेल से चर्चा में आए थे. अंडर 23 वनडे टूर्नामेंट में अर्सलान ने 11 मैचों में 699 रन बनाए थे जिसमें 5 शतक और 2 अर्धशतक शामिल थे. इस प्रदर्शन के बाद उन्हें चंडीगढ़ की रणजी टीम में जगह मिली और पहले ही मैच में उन्होंने अपने टैलेंट का लोहा मनवा लिया.
बता दें अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ चंडीगढ़ ने महज 76 ओवर में ही 503 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी. चंडीगढ़ के लिए अर्सलान खान के अलावा शिवम भांभरी ने 91 गेंदों में 105, कप्तान मनन वोहरा ने 82 गेंदों में 124 रनों की तूफानी पारी खेली. इससे पहले अरुणाचल की टीम पहली पारी में सिर्फ 147 रनों पर सिमट गई थी. श्रेष्ठ निमरोही ने 26 रन देकर 5 विकेट लिए थे.