मुंबई.  विराट कोहली (Virat Kohli) नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज पर कब्जा जमाने के लिए रविवार को वानखेड़े स्टेडियम पर उतरेगी. तीन मैचों की सीरीज में दोनों टीमें अभी 1-1 से बराबरी पर हैं, ऐसे में कोहली की नजर निर्णायक मैच पर टिकी हुई है. 

दरअसल, अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भारत की टी-20 सीरीज को  देखा जा रहा है. सीरीज के जरिए ही टीम इंडिया वर्ल्ड कप के लिए संतुलित टीम तैयार करने का प्रयास भी कर रही है. रोहित ने टी-20 विश्व कप को लेकर कहा कि वर्ल्ड कप में अभी काफी समय हुआ है. ऐसे में उनका पूरा ध्यान वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज पर पर है. 

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब रोहित शर्मा (Rohit Sharma)  से शिवम दुबे (Shivam Dube) के बारे पूछा गया कि क्या उन्हें शीर्ष पर और भी मौके मिल सकते हैं तो इस सवाल के जवाब में रोहित ने कहा कि भविष्य में शिवम को शीर्ष पर शायद मौके मिल भी सकते हैं और शायद नहीं भी. दूसरे टी-20 मैच में हिटर ऑलराउंडर शिवम को कप्तान कोहली ने अपनी जगह नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए भेजकर सबको चौं‌का दिया था, लेकिन दुबे ने उनके फैसले को सही साबित करते हुए 30 गेंदों पर 54 रन बना डाले थे. 

रोहित  (Rohit Sharma) के अनुसार, भारतीय टीम किसी से नहीं डरती और किसी भी मैच को जीतने की ‌काबिलियत रखती है. उन्होंने कहा कि दूसरे टी-20 मैच वाले दिन सामने वाली टीम अच्छे फॉर्म में थी और उन्होंने मैच जीता. उन्होंने कहा कि गेंदबाजों के लिए ऐसी टीम के खिलाफ गेंदबाजी करना चुनौती है, जहां आप जानते हैं कि हर दूसरी गेंद पर वह छक्का लगाने की कोशिश करेंगे. भारत ने छह विकेट से पहला मुकाबला जीता ‌था, दूसरे मैच में कैरेबियाई टीम ने आठ विकेट से जीत दर्ज करके सीरीज बराबर कर दी.