उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (यूपी एटीएस) ने नोएडा के सेक्टर 153 स्थित एक मॉल में चल रहे अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस संबंध में अभय मिश्रा और ताहिर खान को गिरफ्तार किया है। जबकि इनका एक साथी गौरव अभी फरार है। आरोपी अवैध टेलीफोन एक्सचेंज से कॉल करवाकर देश को आर्थिक क्षति पहुंचा रहे थे। साथ ही, देश की सुरक्षा से खिलवाड़ भी कर रहे थे। दोनों के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने में मामला दर्ज किया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर, साभार: वेस्टयूपी न्यूज

 

यूपी एटीएस, नोएडा के पुलिस उपाधीक्षक अतुल यादव ने बताया कि इस टेलीफोन एक्सचेंज के माध्यम से किन-किन लोगों की बात कराई गई है, इसकी जांच की जा रही है। एटीएस इस बात की भी जांच कर  रही है कि इन अपराधियों ने कहीं देशद्रोही ताकतों की तो इंटरनेट कॉलिंग के माध्यम से बातचीत नहीं कराई। 

उन्होंने बताया कि एटीएस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध इंटरनेट कॉलिंग के धंधे में ये लोग कब से लगे हैं और इनके साथ और कौन-कौन लोग हैं। एटीएस यह पता लगाएगी कि इन्होंने अवैध इंटरनेट कॉलिंग करना कहां से सीखा, इस अवैध कारोबार से इन्होंने कितना धन अर्जित किया और ये लोग इस तरह के और कितने एक्सचेंज चला रहे हैं।

दरअसल, यूपी एटीएस को पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि नोएडा में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय इंटरनेट कॉल को वॉइस कॉल में परिवर्तित करके भारतीय सरकार को चूना लगाया जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर एटीएस ने सेक्टर 153 में अर्बटेक एनपीएक्स मॉल में छठी मंजिल पर चल रहे “ऑल सोल्युशन सर्विस” नामक टेलीफोन एक्सचेंज भंडाफोड़ किया है। इस एक्सचेंज के संचालक अभय मिश्रा उर्फ आदित्य पुत्र संत प्रकाश मिश्रा मूल निवासी सदर बाजार, जनपद हरदोई तथा शम्स ताहिर खान उर्फ तुषार पुत्र वाहिद अली खान निवासी झूंझुनूं, राजस्थान को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि इनके पास से एक लैपटॉप, तीन राउटर, एक डी-लिंक स्विच, विभिन्न एडॉप्टर, पावर केबल, इथरनेट पोर्ट, टर्मिनेशन बॉक्स, ऑप्टिकल फाइबर केबल, चार मोबाइल फोन, 4 सिम कार्ड आदि बरामद किया गया है।