‘हिंदुत्व का काम हत्या करना है’: राहुल गांधी के बयान पर बिफरी भाजपा, कहा- कांग्रेस का चरित्र हिंदू विरोधी
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की किताब में हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से करने के बाद उठे विवाद पर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस की तुलना भगवान शिव से करते हुए कहा कि हिंदुत्व का काम हत्या करना है। इस पर भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस का चरित्र हिंदू विरोधी रहा है।
| फोटो साभार: PTI |
राहुल गांधी ने कहा, “हिंदू धर्म और हिंदुत्व में क्या अंतर है? क्या दोनों एक ही बात है। अगर एक ही बात है तो हम उनके लिए एक नाम क्यों नहीं इस्तेमाल करते? ये जाहिर तौर पर दो अलग-अलग चीजें हैं। क्या हिंदू धर्म किसी सिख या मुस्लिम को मारना है, लेकिन हिंदुत्व का यही काम है।”
राहुल गांधी यहीं नहीं रूके। उन्होंने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “हमें ये पसंद हो या ना हो, लेकिन भाजपा-संघ की नफरत वाली विचारधारा कांग्रेस की प्यार और राष्ट्रवाद वाली विचारधारा पर भारी पड़ी है। हमें यह मानना होगा।” राहुल ने कहा कि आज लोग हिंदू धर्म और हिंदुत्व को एक समझने लगे हैं, जबकि ये दोनों अलग-अलग बातें हैं।
इसी कड़ी में आगे बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, “हमारी विचारधारा अभी भी जिंदा है, जीवंत है, लेकिन इसका प्रभाव कुछ कम हुआ है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा का प्रभाव इसीलिए कम हुआ, क्योंकि पार्टी के लोग इसे लोगों के बीच ठीक से प्रसार करने में नाकाम रहे।
कांग्रेस विचारधारा का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “जिस शक्ति को हम शिव कहते हैं, उसका यह प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि कबीर, गुरुनानक, महात्मा गांधी जैसे लोगों ने इस विचारधारा को अपनाया और फैलाया।
संबित पात्रा ने आगे कहा कि 17 दिसंबर 2010 को राहुल गांधीने कहा था कि देश को आतंकवाद से ज्यादा खतरा हिंदुओं से है। पी चिदंबरम ने 25 अगस्त 2010 को पहली बार भगवा आतंकवाद शब्द का प्रयोग किया था।
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान संयोग नहीं प्रयोग हैं। उन्होंने कहा कि कि राहुल गांधी ने मंदिर जाने वालों को लफंगा कहा था। पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस को मुसलमानों की पार्टी बताया था।
गौरतलब है कि सलमान खुर्शीद ने अपनी नई किताब में हिंदुत्व की विचारधारा की तुलना आईएसआईएस और बोको हरम जैसे इस्लामिक जिहादी संगठन से की थी। इसको लेकर उनकी चारों तरफ आलोचना हो रही है।