हरियाणा के गुरुग्राम में सार्वजनिक जगहों पर जुमे की नमाज को लेकर जमकर विरोध हुआ। शहर के सेक्टर-12ए में नमाज पढ़ने आए लोगों को देख हिंदू संगठनों के साथ-साथ स्थानीय लोग ने विरोध और नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद घटनास्थल पर पहुँची पुलिस ने लगभग 40 लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए लोगों के बजघेड़ा थाने लाया गया।

सांकेतिक तस्वीर (साभार: इंडिया डॉट कॉम)

विरोध को देखते हुए जिस जगह पर मुसलमान नमाज पढ़ने आते हैं, वहाँ सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पिछले सप्ताह भी सार्वजनिक जगह पर नमाज पढ़ने को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया था, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए थे। विरोध करने वाले स्थानीय लोगों में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी शामिल थे। विरोध के दौरान भीड़ ने जय श्रीराम के नारे भी लगाए।

विरोध करने वाले लोगों को जब पुलिस ने हिरासत में लेकर वाहन में बैठाया, उस दौरान प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर और  जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने राम भक्तों को जेल भेजने के लिए शर्म करने की बात कही।

सार्वजनिक जगहों पर नमाज को लेकर पूरे शहर में विरोध हो रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा विरोध सेक्टर-47 में देखने को मिला है। यहां दो सप्ताह पहले तक कई बार विरोध हो चुका है। इस दौरान पुलिस को कई बार दखल देना पड़ा है। 15 अक्तूबर को नमाज के विरोध में स्थानीय लोगों ने माइक और स्पीकर लगाकर भजन गाए थे। गौरतलब है कि शहर गुरुग्राम पुलिस प्रशासन की ओर से शुक्रवार को जिले में कुल 37 जगहों पर नमाज पढ़ने की अनुमति दी गई थी।