पहचान छुपाकर शादी और फिर धर्मांतरण: गुजरात में लव जेहाद कानून में पहली गिरफ्तारी
| सैम मार्टिन नाम बताने वाले युवक की लव जेहाद के तहत पहली गिरफ्तारी (तस्वीर: नवभारत टाईम्स) |
वडोदरा, लव जेहाद के आरोप में गुजरात के संशोधित धार्मिक स्वतंत्रता ऐक्ट के तहत पहली गिरफ्तारी हुई है। आरोप है कि लड़के ने अपनी पहचान छिपाकर शादी की बाद में पत्नी को धर्म परिवर्तन करने पर मजबूर किया। इसे लव जिहाद के केस के तौर पर गोत्री पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया गया है।
शुक्रवार को तरसाली इलाके से इस शख्स को अरेस्ट किया गया। इसके खिलाफ युवती की ओर से एफआईआर लिखाई गई है। पुलिस ने युवती और युवक का नाम उजागर नहीं किया है। लेकिन यह बताया है कि युवक ने सोशल मीडिया पर सैम मार्टिन नाम से आईडी बनाई थी।
यहीं पर उसकी दलित युवती से फरवरी 2019 में मुलाकात हुई थी। बाद में युवक ने शांति (बदला हुआ नाम) से विवाह का प्रस्ताव रखा। युवक ने उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक फोटो खींच लिए। इसी आधार पर वह युवती को धमकाता रहता था।
इस साल फरवरी में उसने युवती के परिवार को धमकाया और उसे शहर के कल्याणनगर ले जाकर एक धर्म स्थल में उससे शादी कर ली। वहां लड़की का नाम बदल दिया और कथित तौर पर जोर जबर्दस्ती से धर्म परिवर्तन करा दिया। शादी का रजिस्ट्रेशन भी हो गया।
शांति का आरोप है कि शादी के बाद उसे अपने धर्म की परंपराओं का पालन नहीं करने दिया जाता था, अत्याचार किया जाता था और जबरन नए धर्म का पालन करने को कहा जाता था। युवती ने यह आरोप भी लगाया कि उसका दवाएं देकर दो बार जबरन गर्भपात करवाया, तीसरी बार डॉक्टर की मदद से अबॉर्शन करवाया गया।
पुलिस डेप्युटी कमिश्नर जयराज सिंह ने बताया कि लड़की अनुसूचित जाति से है, इसलिए एससी/एसटी ऐक्ट भी लगाया गया है। युवक को अरेस्ट कर लिया गया है, कोविड टेस्ट के बाद रिमांड पर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि संशोधित धार्मिक स्वतंत्रता ऐक्ट गुजरात में 15 जून से लागू हो गया है।