यूपी ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय पर राजस्थान की एक महिला खिलाड़ी ने दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया है। हैंडबॉल की राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी का आरोप है कि आनंदेश्वर पांडेय ने ट्रेनिंग के दौरान रेप करने की कोशिश की और उनकी जर्सी में जबरदस्ती हाथ डाल दिया। इससे उसकी जर्सी फट गई।

बता दें कि यूपी ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय की सोशल मीडिया पर कई महिलाओं के साथ अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि ये वो खिलाड़ियाँ हैं, जिनका करियर बर्बाद करने की धमकी देकर उनका यौन शोषण पांडेय द्वारा किया जाता था। 

 

 

पीड़िता ने मंगलवार (30 जनवरी 202) को राजस्थान के भिवाड़ी थाने में मुकदमा कराया है। हालाँकि, घटना उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में होने की वजह से उस FIR को ट्रांसफर कर दिया गया है।

 
महिला का आरोप है कि पांडेय ने धमकी दी कि वह उसके ताकत को नहीं जानती। वह महिला का करियर बर्बाद कर देगा। महिला का आरोप है कि पांडेय ने कहा कि अगर वह दो साल तक शारीरिक संबंध बनाती है तो वह महिला खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनवा देंगे। 
 
बता दें कि हैंडबॉल की राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी साल 2017 से सशस्त्र सीमा बल में सिपाही है। वर्तमान में वह अपनी बहन के घर अलवर में रहती है। 
 
महिला के मुताबिक, 12 मार्च को वह ट्रायल के लिए लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम पहुँची तो आनंदेश्वर पांडेय ने खुद को यूपी हैंडबॉल संघ का सचिव बताया और मदद की पेशकश की। मदद करने के बहाने पांडेय ने महिला खिलाड़ी का मोबाइल नंबर ले लिया और बातें करने लगे। 
 
महिला खिलाड़ी का कहना है कि अंतिम चयन 26 मार्च को होना था। उस दिन कोच ने कहा कि पहले आनंदेश्वर पांडेय से जाकर मिलो। जब वह कार्यालय पहुँची तो उसे सामने वाले भवन में बुलाया गया। जब वह वहाँ अंदर गई तो पांडेय के टेबल पर शराब की बोतल रखी थी।
 
महिला का आरोप है कि जब वह वापस जाने के लिए मुड़ी तो पीछे से पांडेय आ गए और दरवाजा बंद कर रेप का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने महिला की जर्सी में हाथ डाल दिया। खुद को बचाने के प्रयास में महिला खिलाड़ी की जर्सी भी फट गई। 
 
महिला ने बताया कि इस दौरान आनंदेश्वर पांडेय ने महिला खिलाड़ी से कहा कि उन्होंने बहुत सी लड़कियों को इंटरनेशनल खिलाड़ी बना दिया है। वह उसे भी बना देंगे। बदले में उसे दो साल तक शारीरिक संबंध बनाने होंगे। 
 
महिला ने कहा कि जब उसने विरोध किया तो आनंदेश्वर पांडेयर ने धमकी दी, “तुम मेरी ताकत नहीं जानती हो। मैं तुम्हारा करियर बर्बाद कर दूँगा। तुम कहीं से खेल नहीं पाओगी।”
 
इस संबंध में महिला खिलाड़ी ने 31 जुलाई को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर आनंदेश्वर पांडे के खिलाफ शिकायत की थी। अपने पत्र में महिला ने कहा था कि ओलिंपिक संघ में आनंदेश्वर पांडेय का आतंक है। सभी पदाधिकारियों को जानकारी होते हुए भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
 
बता दें कि कुछ दिन पहले ही आनंदेश्वर पांडेय की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इसके बाद इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई। उधर, घटना के बाद क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी ने उत्तर प्रदेश ओलिंपिक एसोसिएशन के सचिव से इस संबंध में रिपोर्ट माँगी। इसकी एक कॉपी लखनऊ के जिलाधिकारी को भी भेजी गई है।
 

 

वहीं, उत्तर प्रदेश ओलिंपिक संघ के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय इस घटना को झूठा बताया। उन्होंने कहा, ”यह पूरी घटना मनगढ़ंत कहानी है। मैंने उसका सिलेक्शन होने के बाद जब वॉट्सऐप पर उसे खुश रहो लिखा तो उसने भी जवाब में थैंक्यू लिखा। उसके बाद की यह घटना है। मुझे षड्यंत्र के तहत फँसाया जा रहा है।”