अपनी पहली पत्नी अधूना को साल 2017 में तलाक देने के बाद बॉलीवुड अभिनेता-निर्देशक फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) 21 फरवरी को शिबानी दांडेकर के साथ शादी करेंगे। फरहान और शिबानी लगभग तीन साल से रिलेशनशिप में है। फरहान के अब्बू जावेद अख्तर (Javed Akhtar) ने इसकी पुष्टि की है।

फरहान अख्तर और शिबानी दांडेकर

जावेद अख्तर के अनुसार, फरहान शिबानी से 21 फरवरी को खंडाला वाले अपने घर में शादी करेंगे। उन्होंने कहा, “हाँ, शादी हो रही है। शादी की तैयारियों का ध्यान वेडिंग प्लानर की तरफ से रखा जा रहा है।”

जावेद अख्तर ने कहा कि कोरोना की स्थिति को देखते हुए बड़े पैमाने पर किसी इवेंट को ऑर्गनाइज नहीं किया जा सकता, इसलिए इसमें कुछ लोगों को बुलाया जाएगा उन्होंने बताया कि यह एक सिंपल आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि अभी तक तो किसी को इनवाइट नहीं किया गया है।

शिबानी को लेकर जावेद अख्तर ने कहा कि वह बहुत अच्छी लड़की है। सभी उसे बहुत पसंद करते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि फरहान और उसकी बहुत अच्छी बनती है।

वहीं बॉलीवुड में इस बात की भी चर्चा है कि इस जोड़े की कोर्ट मैरिज होगी। इसके लिए फरहान और शिबानी ने जनवरी में ही कोर्ट मैरिज का आवेदन दिया था। बता दें कि शिबानी और फरहान सोशल मीडिया पर अक्सर अपनी मस्ती भरी तस्वीरें और वीडियो शेयर करते रहते हैं।

बता दें कि फरहान अख्तर की यह दूसरी शादी होगी। फरहान ने इससे पहले साल 2000 में हेयर स्टाइलिस्ट अन्ना भबानी और आशीष भबानी के बेटी अधुना भबानी से शादी की थी। हालाँकि, 16 साल साथ गुजारने के बाद उन्होंने 2017 में तलाक ले लिया था। इस जोड़ी की दो बेटियाँ है, जिनके नाम शाक्या और अकीरा हैं।