नई दिल्ली, नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में शुक्रवार को दिल्ली में दो बड़े विरोध-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। दोपहर एक बजे भीम आर्मी की ओर से जामा मस्जिद गेट नंबर-1 से जंतर-मंतर तक मार्च का आह्वान किया गया है। दूसरी ओर कुछ संगठनों की ओर से शुक्रवार को शाम पांच बजे राजीव चौक मेट्रो स्टेशन गेट-7 पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इसको लेकर बड़े पैमाने पर तैयारी की गई है। गुरुवार को पुलिस की ओर से किए गए इंतजाम को शुक्रवार को दोबारा दोहराया जा सकता है। इसमें मोबाइल व इंटरनेट पर पाबंदी के अलावा धारा-144 भी शामिल है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के अलावा राजधानी में आने वाले बार्डर इलाकों में भी जाम की स्थिति हो सकती है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि दोनों ही प्रदर्शनों की पुलिस ने अनुमति नहीं दी है।

पुरानी दिल्ली में दिनभर शांतिपूर्ण तरीके से चला नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन शाम को उग्र हो गया। इसके चलते दिल्ली पुलिस को प्रदर्शकारियों पर हल बल प्रयोग करना पड़ा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है कि मंडी हाउस से आईटीओ जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया है।
वहीं, नागरिकता संसोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारी इंडिया गेट पर जुटने लगे हैं। दूसरी तरफ जामा मस्जिद और दरियागंज इलाके में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया है। इस पर प्रदर्शनकारियों ने वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी है।
दरियागंज इलाके में भारी तादाद में प्रदर्शनकारी जुट गए हैं। ये सभी नागरिकता संसोधन कानून के विरोध में हाथों में तिरंगा लेकर नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शन को देखते हुए चावड़ी बाजार, लाल किला, जामा मस्जिद, दिल्ली गेट, जाफराबाद, मौजपुर-बाबरपुर, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, दिलशाद गार्डन, शिव विहार, जौहरी एंक्लेव, राजीव चौक, प्रगति मैदान, खान मार्केट, जनपथ, मंडी हाउस, कश्मीरी गेट और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस, कश्मीरी गेट और केंद्रीय सचिवालय पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
दिल्ली में आज कई जगह प्रदर्शन हुए लेकिन सीमापुरी में प्रदर्शन हिंसक हो गया। यहां पत्थरबाजी भी हुई जिसमें डीसीपी राजबीर सिंह घायल हो गए।
दिल्ली के जामा मस्जिद से प्रदर्शनकारी तिरंगा मार्च लेकर बाहर निकले हैं। प्रदर्शनकारी हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई आपस में हैं भाई-भाई के
जामा मस्जिद के बाहर हजारों संख्या में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि पुलिस ने यहां प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी है इसके बावजूद भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी यहां पहुंच चुके हैं।उत्तर-पूर्वी दिल्ली में धारा 144 लागू
उत्तर-पूर्वी जिले में 12 जगहों पर पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी है। इसके तहत किसी एक जगह पर 4 से ज्यादा लोग इकट्ठा नहीं हो सकते। इसके साथ ही दिल्ली के द्वारका और नजफगढ़ में भी धारा-144 लगा दी गई है।
जामा मस्जिद इलाके में स्थानीय लोगों ने शांति और सौहार्द की मिसाल कायम करते हुए दिल्ली पुलिस के पीआरओ एमएस रंधावा व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को गुलाब के फूल बांटे। इससे पहले रंधावा ने बताया था कि जामा मस्जिद के आसपास के इलाके में धारा 144 नहीं लगाई गई है। यहां लोग सहयोग कर रहे हैं और शांति चाहते हैं। दिल्ली पुलिस भी इसी मकसद से काम कर रही है।
दिल्ली में किसी भी अनहोनी से बचने के लिए उत्तर-पूर्वी जिले की पुलिस ने पहले से ही अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं। संयुक्त कमिश्नर आलोक कुमार ने बताया कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सीआरपीएफ और आरएएफ की 10 कंपनियों को तैनात किया गया है। हमने स्थानीय लोगों के साथ कई दौर में बातचीत की है और ड्रोन से निगरानी कर रहे हैं। इसके साथ ही एंटी-रायट गेयर का भी उपयोग कर रहे हैं जिससे किसी भी तरह के हालात से निपटा जा सके।