बच्ची के दुष्कर्म-हत्या मामले में श्मशान का पंडित सहित 4 गिरफ्तार, रामू बना सलीम लाता था शराब
दिल्ली कैंट के पुराना नांगल गांव में नौ वर्षीय बच्ची की हत्या व दुष्कर्म मामले में श्मशान के पुजारी सहित चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। घटनास्थल के पास स्थित नांगल गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के लिए आठ-दस गांव वालों को नोटिस दिया है। पुलिस को श्मशान घाट के पास सीसीटीवी कैमरे लगे नहीं मिले।
![]() |
| प्रतीकात्मक तस्वीर |
नौ वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में श्मशान का 55 वर्षीय पुजारी पंडित राधेश्याम, 49 वर्षीय सलीम, 63 वर्षीय कुलदीप और 48 वर्षीय लक्ष्मीनारायण को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंडित राधेश्याम का श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कराने का पुश्तैनी पेशा है। सागरपुर स्थित उसके घर में वह अपने अपने बेटे-बहु और उनके बच्चों के साथ रहता था।
तीनों आरोपी प्रतिदिन श्मशान घाट पहुँचकर पंडित के साथ बैठक लगाते थे। वहीं, सलीम पिछले लगभग 5 वर्षों से श्मशान घाट में लकड़ियों की आपूर्ति करता था और यहीं पड़ा रहता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह यहां नाम बदलकर रामू नाम से रह रहा था। लोगों ने बताया कि सलीम श्मशान पर अपने साथियों के लिए शराब लाया करता था। वहीं, लक्ष्मीनारायण और कुलदीप हर दिन शाम को राधेश्याम के पास जाते थे। वारदात के दिन भी चारों आरोपी मौके पर मौजूद थे।
दरअसल, हुआ यह था कि रविवार शाम करीब 5:30 बजे श्मशान के सामने स्थित पीर बाबा की मजार से लड़की ठंडा पानी लेने पहुंची थी। शाम 6:30 बजे पुजारी ने बच्ची की मां को सूचना दी कि बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई है। इसके बाद उसकी मां मौके पर पहुंची, जहाँ पंडित ने बच्ची का तुरंत अंतिम संस्कार करा दिया। पंडित ने बच्ची की माँ को बताया कि पुलिस को बताने पर बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा और उसके अंग निकाल लिए जाएंगे।
इधर बाजार में पिता को बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और शव जलता देख वह शोर मचाने लगा। उधर, बच्ची की मां ने घर पहुंचने पर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। पिता का शोर और मां की शिकायत सुन गुस्साए पड़ोसी और लोग श्मशान घाट पहुँच गए। लोगों ने आनन-फानन में चिता की आग बुझाई। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी।
जब मौके पर पुलिस पहुंची तो चिता की आग ठंडी हो गई थी। पुलिस ने चश्मदीदों के बयान दर्ज कर कूलर और शव के बचे हुए अवशेष को अपने कब्जे में ले लिया। मौके से चारों आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
एक वायरल वीडियो में पंडित बता रहा है कि बच्ची ने आते ही उससे ठंडा पानी लाने के लिए पूछा था। इस पर उसने हामी भर दी। बच्ची पानी लाने चली गई। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो वह पानी के कूलर पास पहुंचा और बच्ची को जमीन पर पड़े हुए देखा। इसके बाद उसने लड़की की मां को सूचना दी।