डीजीपी का आदेश, आतंकियों को खोजकर बाहर निकालो और उन्हें गोली मारो
जम्मू-कश्मीर, डीजीपी दिलबाग सिंह ने सुरक्षाबलों को कश्मीर में बचे और छुपे हुए आतंकियों को खोजकर बाहर निकालने और उन्हें मारने के निर्देश दिया है।उन्होंने कहा है कि आतंकियों के खिलाफ कॉर्डन एंड सर्च आपरेशन (CASO) को तेज करो, ताकि आतंकियों को बाहर निकाला जा सके। जो आतंकी आत्मसमर्पण करता है, उसका स्वागत है। जो आगे से जवाब देता है, उसका काम तमाम करो। श्रीनगर पुलिस कंट्रोल रूम में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने यह आदेश दिया।
सिंह ने कहा कि कानून से बड़ा कोई नहीं है और जो कानून तोड़ता है उससे सख्ती से निपटें। उन्होंने जोर देकर अधिकारियों से कहा कि वह कासो को तेज कर दें। आतंकियों और उनके आकाओं के खिलाफ मिलकर काम करें। उस पार बैठे आकाओं और आतंकियों के खिलाफ एक संयुक्त कार्रवाई करनी होगी। काफी हद तक कश्मीर में आतंकियों का सफाया किया गया है। लेकिन हमें इसे अभियान को जारी रखना है।
एक समन्वित रणनीति अपनाकर इन आतंकियों का खात्मा करना है, ताकि जम्मू कश्मीर में शांति बनी रहे। कश्मीर की आंतरिक सुरक्षा को लेकर भी काफी मंथन किया गया। अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा के लिए हर तरह के जरूरी कदम उठाएं। बैठक में सीआईडी के एडीजीपी बी श्रीनिवासन, आईजी कश्मीर सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।