'दादा साहब फाल्के अवॉर्ड' लेते वक्त अमिताभ बच्चन ने कहा, अभी थोड़ा काम बाकी है
नई दिल्ली: बॉलीवुड के मिलेनियम स्टार अमिताभ बच्चन को फिल्म क्षेत्र के सबसे बड़े पुरस्कार ‘दादा साहब फाल्के अवॉर्ड’ से नवाजा गया है. भारत सरकार की ओर से दिए जाने इस वार्षिक पुरस्कार को पाने के बाद अमिताभ बच्चन ने कहा, ‘मैं सभी का आभार प्रकट करना चाहता हूं कि आज मुझे इस योग्य समझा गया कि मैं दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया जाऊं.’
उन्होंने आगे कहा, ‘ईश्वर की कृपा रही है, माता-पिता का आशीर्वाद रहा है, फिल्म उद्योग के सभी निर्माता-निर्देशक व सह-कलाकरों का साथ रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा भारत की जनता का स्नेह और निष्ठापूर्ण प्रोत्साहन रहा है, जिसकी वजह से आज मैं आपके सामने खड़ा हूं. दादा साहेब फाल्के पुरस्कार की स्थापना पचास वर्ष पहले हुई थी और इतने ही वर्ष मुझे इस फिल्म उद्योग में काम करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है. इसके लिए मैं अभारी हूं. इस पुरस्कार को मैं बहुत ही विनम्रता से स्वीकार करता हूं. अपना आधार प्रकट करता हूं और नमस्कार करता हूं.’
माहौल को हल्का-फुल्का करते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा, “अंत में जाने से पहले एक छोटी-सी बात कहना चाहूंगा. जब इस पुरस्कार की घोषणा हुई तो मेरे मन में एक संदेह उठा कि क्या यह संकेत है मेरे लिए कि ‘भाई साहब आपने बहुत काम कर लिया. अब घर बैठकर आराम कीजिए…’ क्योंकि अभी भी थोड़ा बहुत काम बाकी है जिसे मुझे अभी पूरा करना है और आगे भी कुछ ऐसी संभावनाएं बन रही हैं कि जहां मुझे काम करने का अवसर मिलेगा. हालांकि इसकी पुष्टि होना बाकी है, धन्यवाद…”
बता दें, कुछ दिनों से अमिताभ बच्चन की रिटायरमेंट को लेकर काफी चर्चाएं तेज हैं, लेकिन अब उन्होंने साफतौर पर यह दिया है कि अभी वह अपना काम जारी रखेंगे और अपने फैंस के फिल्में देते रहेंगे. वर्कफ्रंट की बात करें तो अगले साल अमिताभ जल्द ही दो बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं, जिनमें ‘ब्रह्मास्त्र और ‘चेहरे’ फिल्म के नाम मुख्य रूप से शामिल हैं.