उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के फ़तेहपुर (Fatehpur) जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र के पुरमई गांव से अवैध धर्मांतरण (Illegal Conversion) का एक और बड़ा मामला सामने आया है। मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला पूनम सोनकर ने पुलिस (Police) को बताया कि उसका पति विजय सोनकर उस पर और परिवार पर जबरन इस्लाम धर्म कबूल करने के लिए दबाव बना रहा है। उसने मना किया तो उसके साथ मारपीट की गई।

विजय सोनकर उर्फ मौलाना शकील (साभार: न्यूज 18)

महिला का आरोप है कि उसका पति दिल्ली के एक मौलाना के बहकावे में आकर डेढ़ महीने पहले धर्मांतरण कर मुसलमान बन चुका है। अब वह परिवार वालों पर धर्मांतरण का दबाव बना रहा है और धर्मांतरण नहीं करने पर मारपीट कर रहा है। इतना ही नहीं वह अपनी बहन का एक मुस्लिम युवक के साथ जबरन निकाह करना चाह रहा है। वहीं इस मामले में पुलिस ने महिला के शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी पति विजय सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, विजय सोनकर दिल्ली में रहकर ड्राईविंग का काम करता है। डेढ़ महीने पहले जब वह गांव आया तो वह विजय से मौलाना शकील बन चुका था और में नमाज पढ़ा करता था। वह इस्लाम धर्म को ताकतवर बताते हुए अपनी पत्नी और  माता-पिता पर मुसलमान बनने का दबाव बनाने लगा। विजय सोनकर की मां रानी देवी ने बताया कि उसके बेटे विजय सोनकर की शादी वर्ष 2016 में कौशांबी जिले के अफजलपुरवारी गांव में विजय शंकर सोनकर की बेटी पूनम सोनकर से हुई थी।

उत्तर प्रदेश में धर्मांतरण अध्यादेश के लागू होने के बाद हर महीने अवैध रूप से धर्म परिवर्तन के 7 मामले दर्ज किए जा रहे हैं। जबरन धर्मान्तरण के सबसे ज्यादा मामले पश्चिमी यूपी में मिल रहे हैं। वहीं, 27 नवंबर 2020 को धर्मांतरण कानून लागू होने के बाद से अब तक कुल 50 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।

एडीजी ने बताया कि जबरन धर्मांतरण के 50 मामलों में 130 लोगों को नामजद किया गया था। वर्तमान में गिरफ्तार आरोपियों में 67 जेल में हैं और 16 जमानत पर बाहर आ गए हैं, जबकि 25 आरोपी फरार हैं।  उनकी तलाश की जा रही है।

एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार के मुताबिक, सबसे ज्यादा धर्मांतरण के मामले मेरठ जोन में सामने आए हैं। मेरठ जोन में ऐसे 12 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि बरेली जोन में 10 और गोरखपुर जोन में 7 मामले दर्ज किए गए हैं। नोएडा में 5, लखनऊ और वाराणसी जोन में 4-4, आगरा जोन में 3, प्रयागराज ज़ोन में 2 और कानपुर कमिश्नरेट में 1 मामला दर्ज किया गया है।