इंटरनेट डेस्क, फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) की आगामी फिल्‍म ‘छपाक’ (Chhapaak) का ट्रेलर मुंबई में रिलीज किया गया है. निर्देशक मेघना गुलजार (Meghna Gulzar) की इस फिल्‍म में दीपिका एसिड अटैक पीड़िता का किरदार निभा रही हैं. रिलीज के मौके पर ट्रेलर देखकर दीपिका काफी इमोशनल हो गईं और अपनी बात रखने के दौरान उनकी आंखों से आंसू बहने लगे.

दरअसल ‘छपाक’ में एक लड़की के साथ एसिड अटैक की घटना और उसके बाद न्‍याय पाने की उसकी लड़ाई को दिखाया गया है. रिलीज के दौरान दीपिका ने कहा- ‘मैंने सिर्फ इस पल के बारे में सोचा था कि आप सब लोग ट्रेलर देखेंगे फिर हमें स्टेज पर आना है लेकिन इसके बाद बोलना भी पड़ेगा, ये मैंने नहीं सोचा था. जब भी मैं ट्रेलर देखती हूं तो… ‘ ये बोलते-बोलते ही दीपिका इमोशनल हो गईं .

 

दीपिका ने खुद को संभाला और फिर कहा, ‘अक्‍सर हम किसी कहानी को पूरा सुनने के बाद तय करते हैं कि यह फिल्‍म करनी है या नहीं, लेकिन इस कहानी को सुनने के कुछ मिनटों में ही मुझे लग गया था कि यह फिल्‍म मुझे करनी है… मेघना आपका शुक्रिया, आपने मुझे चुना. ये फिल्‍म कैसी होगी, लोग इसे कितना पसंद करेंगे इस सब से इतर ये फिल्‍म हमेशा मेरी सबसे स्‍पेशल फिल्‍म रहेगी.’

 

फिल्‍म में दीपिका पादुकोण मालती के किरदार में हैं जो एसिड अटैक का शिकार हो जाती है. वहीं, विक्रांत मैसी अमोल के किरदार में हैं, जो मालती की लड़ाई में उसका साथ देते हैं. ‘छपाक’ के साथ ही दीपिका पादुकोण पहली बार प्रोड्यूसर भी बन रही हैं. यह फिल्मएसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्‍मी की कहानी पर आधारित है और यह फिल्‍म 10 जनवरी 2020 को रिलीज होगी.