ब्रिटेन के पीएम की मौत का होने वाला था ऐलान, कोरोना को हराने वाले बोरिस ने किया खुलासा
लंदन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) कोरोना संक्रमण से अब पूरी तरह ठीक हो गए हैं. पिछले महीने वो कोरोना वायरस (Coronavirus) की चपेट में आ गए थे. ब्रिटिश अखबार ‘द सन’ से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि हॉस्पिटल में उनकी हालत बेहद नाजुक थी और डॉक्टरों ने उनकी मौत के ऐलान की पूरी तैयारी भी कर ली थी. जॉनसन को पांच अप्रैल को तबियत बहुत ज्यादा बिगड़ने के बाद सेंट थॉमस अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनकी उम्र 55 साल है.
जॉनसन ने बताया, ‘अस्पताल में कई लीटर ऑक्सीजन दिया जा रहा था, लेकिन आईसीयू में मेरी तबियत बेहतर नहीं हो रही थी. लिहाजा डॉक्टरों को मजबूरन मेरी मौत की घोषणा करने की तैयारी करनी पड़ी थी. वो काफी कठिन समय था. मेरी हालत ठीक नहीं थी, लेकिन मुझे पता था कि आकस्मिक योजनाएं बनाई जा रही हैं. डॉक्टरों के पास सभी तरह के इंतजाम थे कि अगर कुछ गलत हुआ तो क्या करना चाहिए. ‘
जॉनसन को 5 अप्रैल को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. हालत इतनी ज्यादा बिगड़ गई थी कि उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा. 3 दिनों तक उन्हें ऑक्सिजन सपोर्ट पर रखा गया. बाद में 12 अप्रैल को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. उन्होंने कहा कि वो बेहद लकी थे कि वो कोरोना को मात देकर घर लौट गए.
बता दें कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और उनकी मंगेतर कैरी साइमंड्स ने अपने-अपने दादा और दो डॉक्टरों के नाम पर अपने नवजात बेटे का नाम विल्फ्रेड लॉरी निकोलस रखा है. इन दोनों डॉक्टरों ने कोरोना का इलाज करते हुए बोरिस जॉनसन की जान बचाई थी. विल्फ्रेड लॉरी निकोलस जॉनसन का जन्म बुधवार को लंदन के यूनिवर्सिटी कॉलेज अस्पताल में हुआ था.