आमिर खान और करीना कपूर खान  (Aamir Khan & Kareena Kapoor Khan) की विनती का असर लोगों पर पड़ता नहीं दिखाई दे रहा है। रिलीज के दूसरे दिन शुक्रवार (12 अगस्त 2022) को ‘लाल सिंह चड्ढा’ (Laal Singh Chaddha) बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुँह गिर गई। 

फिल्म लाल सिंह चड्ढा में आमिर खान और करीना कपूर

 

शुक्रवार को फिल्म का व्यवसाय 6.50-7.00 करोड़ रुपए के बीच सिमट कर रह गया, जो पहले दिन की अपेक्षा लगभग 40 प्रतिशत कम है। पहले दिन लाल सिंह चड्ढा का व्यवसाय 12 करोड़ रुपए था।

पिछले दो दिनों का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 18 करोड़ रुपए तक सिमट कर रह गया है। वहीं, फिल्म लाल सिंह चड्ढा IMBD पर आमिर खान की सबसे कम रेटिंग वाली फिल्म बन गई है। इसकी रेटिंग फिल्म ‘मेला’ और ‘धूम 3’ से भी नीचे है।

गौरतलब है कि आमिर खान और करीना कपूर के पूर्व के बयानों को लेकर मीडिया पर इस फिल्म के  बॉयकाट का मुहिम चलाया जा रहा है। इसका सीधा असर फिल्म के व्यवसाय और रेटिंग पर भी रहा है।

सिनेमाघर के मालिकों ने फिल्म रिलीज के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को लाल सिंह चड्ढा के 1300 शो कैंसिल कर दिए थे। शुक्रवार को दोपहर से पहले वाले कई शो में एक भी दर्शक नहीं जुटे थे। वहीं, पहले दिन कुछ ऐसे भी शो थे, जिनमें सिर्फ 10-12 दर्शक ही पहुँचे थे।

फिल्म की हालत को देखते हुए करीना कपूर ने लोगों से फिल्म का बॉयकाट नहीं करने की विनती की थी। उन्होंने कहा था, “कृपया इस फिल्म का बहिष्कार ना करें, क्योंकि इसमें बहुत से लोगों की मेहनत शामिल है। ढाई साल से इस फिल्म पर 250 लोगों ने काम किया है।”

फिल्म के प्रमोशन के दौरान करीना कपूर ने कहा था कि अगर फिल्म अच्छी होगी तो इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिलेगी।  बॉयकाट जैसी चीजों का अच्छी फिल्म पर असर नहीं होता और वो इसे गंभीरता से नहीं लेतीं।

इसके पहले उन्होंने कहा था कि जिसे फिल्म नहीं देखना है मत देखे, कोई जबरदस्ती नहीं है। दरअसल, इंडस्ट्री में नेपोटिज्म (भाई-भतीजावाद) के सवाल में उन्होंने यह बात कही थी।

दूसरी तरफ, आमिर खान लोगों से अपील कर रहे थे कि वो ‘लाल सिंह चड्ढा’ का बॉयकॉट न करें और इसे थिएटर में जाकर देखें। आमिर खान ने कहा था कि कुछ लोगों को लगता है कि उन्हें देश से प्यार नहीं, लेकिन वो गलत हैं।

यहाँ बताना आवश्यक है कि आमिर खान ने साल 2015 में कहा था कि भारत में असहिष्णुता बढ़ रही है और उनकी पत्नी (पूर्व) किरण राव को देश में डर लगने लगा है। आमिर के इस बयान पर काफी विवाद हुआ था।