मुंबई: ड्रगरोधी जांच एजेंसी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने शनिवार को मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह (Bharti Singh) को गिररफ्तार कर लिया है। एनसीबी ने भारती और उनके पति हर्ष लिंबाचिया के मुंबई स्थित आवास पर सुबह छापेमारी की थी। छापेमारी के बाद एनसीबी पूछताछ के लिए दोनों को अपने दफ्तर ले गई थी। छापेमारी के दौरान एनसीबी को भारती सिंह के घर से “Cannabis” बरामद हुआ है। एनसीबी भारती सिंह के पति हर्ष को अपनी गाड़ी में ले गई, जबकि भारती सिंह पीछे लाल मर्सिडीज से एनसीबी दफ्तर पहुंची थीं।

एनसीबी मुंबई के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने कहा था कि नशीले पदार्थ के बारे में पूछताछ के लिए एनसीबी ने उन्हें और उनके पति दोनों को हिरासत में लिया गया है।

समाचार एजेंसी पीटीआई ने एनसीबी अधिकारी के हवाले से कहा, “सिंह का नाम एक ड्रग पैडलर से पूछताछ के दौरान सामने आया है और उनके घर की तलाशी लेने पर “कम मात्रा में कैनाबिस” मिला है। अधिकारी ने कहा कि एनसीबी ने मुंबई में दो अन्य जगहों पर भी छापेमारी की।

 एनसीबी के सूत्रों के मुताबिक, भारती सिंह और उनके पति पर प्रतिबंधित ड्रग्स लेने का आरोप है। छापेमारी की यह कार्रवाई ऐसे समय की गई है जब एनसीबी फिल्म एवं मंनोरंजन उद्योग में ड्रग्स के कथित इस्तेमाल को लेकर अपनी जांच के दायरे को बढ़ा रहा है। यह जांच एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत से शुरू हुई। 

इस महीने की शुरुआत में एनसीबी ने एक्टर अर्जुन रामपाल (Arjun Rampal) के घर में छापा मारा और उनको और उनकी गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्राइडस को पूछताछ के लिए समन भेजा था। अर्जुन रामपाल (Arjun Rampal) की लिविंग पार्टनर गैब्रिएला से लगातार 2 दिन 6-6 घंटे की पूछताछ की गई, जबकि खुद अर्जुन रामपाल से पिछले हफ्ते 6 घंटे पूछताछ हुई। गैब्रिएला के भाई एगिस को एनसीबी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

अर्जुन रामपाल ने एनसीबी की पूछताछ के बाद बताया था कि उनका ड्रग्स से कोई लेना-देना नहीं है, इस मामले में उनके कुछ परिचित लोगों की गिरफ्तारी हुई है इसलिए उनसे भी पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा, “मेरे घर पर पाई जाने वाली दवा परामर्श की गई थी और उसके पर्चे मिल गए हैं और उन्हें एनसीबी अधिकारियों को सौंप दिया गया है. एनसीबी के अधिकारी अच्छा काम कर रहे हैं, मैं जांच में उनका सहयोग कर रहा हूं.”