भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति की बैठक के बाद आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी आई। आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक में लिए गए फैसलों की घोषणा गवर्नर शक्तिकांत दास ने की, जिसके बाद सेंसेक्स-निफ्टी ने नई ऊंचाइयों को छुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स एक प्रतिशत बढ़कर 446.90 अंक ऊपर 45,079.55 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 0.95 प्रतिशत बढ़कर 124.65 अंक की तेजी के साथ 13,258.55 पर बंद हुआ। 

भारत के केंद्रीय बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने मौद्रिक नीति समिति द्वारा लिए गए फैसलों की घोषणा करते हुए बताया कि आरबीआई ने रेपो रेट चार फीसदी पर स्थिर रखी है। रिवर्स रेपो रेट और बैंक रेट में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। पूरे वित्त वर्ष के लिए जीडीपी ग्रोथ 7.5 फीसदी रह सकती है। आरबीआई ने अगली तिमाही के लिए जीडीपी ग्रोथ का अनुमान बढ़ाकर 0.10 फीसदी कर दिया है। वहीं, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति तीसरी तिमाही में 6.8 फीसदी और चौथी तिमाही में 5.8 फीसदी रहने का अनुमान है।

दिग्गज शेयरों की बात करें तो आज हिंडाल्को, सन फार्मा, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक और अडाणी पोर्ट्स के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं, एचडीएफसी लाइफ, रिलायंस, बजाज फिनसर्व, बीपीसीएल और एचसीएल टेक के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।  

शुरुआती कारोबार में मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच सेंसेक्स शुक्रवार को 98.43 अंक (0.22 फीसदी) ऊपर 44731.08 के स्तर पर खुला था और निफ्टी 35.30 अंकों की तेजी (0.27 फीसदी) के साथ 13169.20 पर खुला था। वहीं, गुरुवार को शेयर बाजार मामूली बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.03 फीसदी की तेजी के साथ 14.61 अंक ऊपर 44632.65 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.15 फीसदी (20.15 अंक) की तेजी के साथ 13133.90 के स्तर पर बंद हुआ था।