नई दिल्ली, कोरोना टूलकिट के विवाद में कांग्रेस का हाथ होने के आरोपों के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बयान दिया है। राहुल गांधी ने इस मामले को लेकर ट्विटर पर लिखा है कि सत्य डरता नहीं है। दरअसल, टूलकिट केस में सोमवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने ट्विटर के दफ्तरों पर छापेमारी की थी। इसके अगले ही दिन राहुल गांधी ने यह ट्वीट किया है। राहुल गांधी ने हैशटैग टूलकिट का इस्तेमाल करते हुए लिखा है- सत्य डरता नहीं। 


गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा की टीम ने ‘कोविड टूलकिट’ मामले की जांच के संबंध में ट्विटर इंडिया के दिल्ली और गुरुग्राम स्थित कार्यालयों पर सोमवार की शाम को छापेमारी की थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, विशेष शाखा ने ‘कोविड-19 टूलकिट संबंधी शिकायत को लेकर ट्विटर को नोटिस भेजा था और भाजपा नेता संबित पात्रा के ट्वीट को ‘छेड़छाड़ किया हुआ बताने को लेकर माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट से स्पष्टीकरण मांगा था।


दरअसल, संबित पात्रा ने टूलकिट से संबंधित ट्वीट किया था, जिसे ट्विटर ने छेड़छाड़ बताया था। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने एक टूलकिट बनाकर कोरोना वायरस के नए स्वरूप को ‘भारतीय स्वरूप’ या ‘मोदी स्वरूप’ बताया था और देश तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छवि को खराब करने का प्रयास किया था।

वहीं, कांग्रेस ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया था कि भाजपा उसे बदनाम करने के लिये फर्जी ‘टूलकिट’ का सहारा ले रही है।