बिहार का इनामी बदमाश मुन्ना मिश्रा यूपी से गिरफ्तार, रंगदारी नहीं देने पर दिलीप सिंह की करवा दी हत्या
बिहार एसटीएफ (Bihar STF) ने उत्तर पुलिस के सहयोग से शिक्षक दिलीप सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी और दो लाख रुपये के इनामी बदमाश मुन्ना मिश्रा उर्फ दिलीप मिश्रा को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से पुलिस ने एके 47 व भारी संख्या में कारतूस बरामद किया है। मिश्रा उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कसेया में नाम बदलकर छिपा हुआ था। गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के पानन महुअवा गांव निवासी कुख्यात अपराधी मिश्रा पर हत्या, रंगदारी, अपहरण व लूट के बिहार में 18 मामले सहित विभिन्न राज्यों में 50 से अधिक केस चल रहे हैं।

एसपी आनंद कुमार ने बताया कि करीब दो माह पूर्व कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहां बाजार में मुन्ना मिश्रा व उसके साथियों ने शिक्षक दिलीप सिंह की एके 47 से गोली मारकर हत्या कर दी थी। तब से वह फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए हथुआ एसडीपीओ नरेश कुमार के नेतृत्व में हर रोज पुलिस यूपी व बिहार के विभिन्न जगहों पर छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी बीच गुरुवार को सूचना मिली कि मुन्ना मिश्रा कटेया की तरफ से बाइक पर एक बोरी बांध कर कहीं निकल रहा है। इस सूचना के बाद यूपी पुलिस की मदद से बिहार व यूपी की सीमा को सील कर दिया गया।
पुलिस ने बताया गया है कि मिश्रा शातिर अपराधी है और आठ वर्षों से फरार चल रहा है।। वह अपराध करने के बाद यूपी फरार हो जाता था। लखनऊ, गोरखपुर, देवरिया आदि इलाके में वह नाम और हुलिया बदल कर रहता था। वर्ष 2012 में हुई गिरफ्तारी के बाद से वह फरार चल रहा था। वह व्यवसायियों और ठीकेदारों से रंगदारी वसूलता था। जबरन जमीन कब्जा करता था और जो भी उसके खिलाफ पुलिस को सूचना देता, उसकी हत्या वह कर देता था।
पंचदेवरी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय भृंगीचक में कार्यरत शिक्षक दिलीप सिंह उर्फ पंडित 24 मई की सुबह अपने बड़े भाई राजेंद्र सिंह की बिल्डिंग मेटेरियल की दुकान पर बैठे हुए थे। इसी बीच अत्याधुनिक हथियारों से लैस बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और एके-47 से भूनकर शिक्षक की हत्या कर दी।
इस मामले में 50 लाख की रंगदारी नहीं दिए जाने पर हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए मृत शिक्षक के बड़े भाई ने कटेया थाना क्षेत्र के पानन निवासी कुख्यात मुन्ना मिश्रा, पानन खास के अलकेश्वर मिश्रा, भाठवां के हरकेश मिश्रा, बभनी के धनंजय पांडेय, सिधरिया के इसराफिल देवान तथा जमुनहा बाजार के मुन्ना जायसवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इनमें पुलिस कुख्यात मुन्ना जायसवाल, हरकेश मिश्र व धनंजय पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि कुख्यात मुन्ना मिश्रा की तलाश में पुलिस जुटी हुई थी।