श्रीनगर में आतंकियों ने सीआईडी इंस्पेक्टर की हत्या की, सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरा
केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में आतंकवादियों ने मंगलवार को एक सीआईडी (CID) इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना नौगाम इलाके में हुई है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नौगाम थाना क्षेत्र के कनिपोरा में आतंकवादियों ने इंस्पेक्टर परवेज अहमद डार को उनके घर के पास 3 गोलियां मारीं। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर ली है।
![]()
| हमले के वक्त इंस्पेक्टर परवेज अहमद डार नमाज अदा कर घर लौट रहे थे। |
हमले के वक्त परवेज नमाज अदा कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो हमलावरों ने पीछे से उन पर गोलियां बरसा दीं। इस वजह से परवेज को संभलने का भी मौका नहीं मिला। जम्मू-कश्मीर पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज में दो आतंकी पिस्टल से फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। उनकी शिनाख्त की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
https://twitter.com/AdityaRajKaul/status/1407387531864285184
बारामूला जिले के सोपोर में सोमवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में खुर्शीद मीर, पाकिस्तान के अब्दुल्ला उर्फ असरार के साथ मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में से एक मुदासिर पंडित मारा गया था। तीनों लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी थे। कश्मीर जोन के IG विजय कुमार के मुताबिक, लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी खुर्शीद मीर से बरामद राइफल लवायपोरा हमले में छीनी गई थी। इस हमले में शामिल दूसरे आतंकी नदीम अबरार की तलाश की जा रही है।